नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए International Cricket Council (ICC) ने कनाडा क्रिकेट बोर्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आईसीसी ने यह कार्रवाई सदस्य होने के दायित्वों के उल्लंघन के आरोपों के बाद की है। यह फैसला 31 मई को अहमदाबाद में आयोजित बोर्ड बैठक में लिया गया।
कनाडा क्रिकेट बोर्ड पर गिरी गाज
आईसीसी ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि कनाडा क्रिकेट बोर्ड को प्रशासनिक कमियों और सदस्यीय जिम्मेदारियों का पालन नहीं करने के कारण सस्पेंड किया गया है। हालांकि यह कार्रवाई केवल बोर्ड स्तर पर लागू होगी।
खिलाड़ियों पर नहीं पड़ेगा असर
आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि इस फैसले का कनाडा के खिलाड़ियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। खिलाड़ी पहले की तरह आईसीसी टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेते रहेंगे और उनकी वित्तीय सहायता भी नियंत्रित व्यवस्था के तहत जारी रहेगी।
बहाली के लिए रखी गईं शर्तें
आईसीसी ने कनाडा क्रिकेट बोर्ड की बहाली के लिए कई शर्तें तय की हैं। बोर्ड को प्रशासनिक खामियों को दूर करना होगा और सुधार प्रक्रिया की निगरानी के लिए आईसीसी एक विशेष समिति का गठन करेगा।
टेस्ट क्रिकेट में गुलाबी गेंद पर मंजूरी
अहमदाबाद में हुई बैठक में टेस्ट क्रिकेट से जुड़े अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कम रोशनी के कारण खेल प्रभावित होने की स्थिति में दोनों टीमों की सहमति से गुलाबी गेंद के इस्तेमाल के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
फ्रेंचाइजी क्रिकेट पर भी ICC की नजर
आईसीसी ने दुनिया भर में तेजी से बढ़ रहे फ्रेंचाइजी क्रिकेट को लेकर चिंता जताई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर और फ्रेंचाइजी लीगों के बीच संतुलन बनाने के लिए भी एक समिति गठित करने का फैसला लिया गया है।