नई दिल्ली - आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला टीम ने अपने पहले ही मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रनों से हराकर शानदार शुरुआत की।बर्मिंघम में खेले गए इस मुकाबले में भारत का गेंद और बल्ले दोनों से दबदबा देखने को मिला। इस जीत की सबसे बड़ी हीरो भारतीय स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा रहीं, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
दीप्ति ने तोड़ा रेणुका सिंह का रिकॉर्ड
दीप्ति शर्मा ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट झटके। इसके साथ ही वह महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत की ओर से एक मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाली खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने रेणुका सिंह का तीन साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। रेणुका ने 2023 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 15 रन देकर 5 विकेट लिए थे। अब यह रिकॉर्ड दीप्ति के नाम दर्ज हो गया है।
महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी
* दीप्ति शर्मा – 5/10 बनाम पाकिस्तान (2026)
* रेणुका सिंह – 5/15 बनाम इंग्लैंड (2023)
* प्रियंका रॉय – 5/16 बनाम पाकिस्तान (2009)
* डायना डेविड – 4/12 बनाम श्रीलंका (2010)
* पूनम यादव – 4/19 बनाम ऑस्ट्रेलिया (2020)
प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद क्या बोलीं दीप्ति?
शानदार प्रदर्शन के लिए दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार लेने के बाद उन्होंने अपने प्रदर्शन का श्रेय पूरी टीम को दिया और भगवान हनुमान का भी स्मरण किया। दीप्ति ने कहा कि उन्हें ऐसी पिचों पर गेंदबाजी करना पसंद है, जहां गेंद टर्न लेती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने हर ओवर में अपनी गति में बदलाव किया, जिसका फायदा मिला। साथ ही उन्होंने कहा, "हनुमान जी महान हैं।"
भारत की वर्ल्ड कप में पांचवीं सबसे बड़ी जीत
पाकिस्तान के खिलाफ 64 रन की जीत महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत की पांचवीं सबसे बड़ी जीत भी बन गई है।
महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी जीतें
* 82 रन – श्रीलंका (2024)
* 79 रन – बांग्लादेश (2014)
* 72 रन – बांग्लादेश (2016)
* 71 रन – श्रीलंका (2010)
* 64 रन – पाकिस्तान (2026)
अंकतालिका में भारत का शानदार आगाज
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने ग्रुप-ए में अपने अभियान की शुरुआत जीत से की। भारत के खाते में 2 अंक हैं और टीम दूसरे स्थान पर है। बेहतर नेट रनरेट के आधार पर ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर कायम है। दीप्ति शर्मा के रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि इस बार भारतीय महिला टीम खिताब की प्रबल दावेदारों में शामिल है।