भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले पहले T20 मुकाबले को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति अब साफ हो गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से मैच को रिशेड्यूल करने की अपील के बावजूद DDCA ने स्पष्ट कर दिया है कि मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेला जाएगा।भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20 सीरीज के सभी मुकाबले दिल्ली में ही आयोजित होने हैं।
तीनों मैच दिल्ली में होंगे
सीरीज का पहला T20 मुकाबला 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा मैच 17 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है।इस तरह तीनों मुकाबले महज पांच दिनों के भीतर आयोजित किए जाएंगे। पहले मैच से ठीक पहले रिशेड्यूलिंग की अपील सामने आने के बाद क्रिकेट प्रशंसकों के बीच मुकाबले को लेकर संशय पैदा हो गया था।
BRICS सम्मेलन के चलते ट्रैफिक पुलिस ने की थी अपील
दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को BRICS शिखर सम्मेलन आयोजित होना है। सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के शामिल होने के कारण राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था काफी महत्वपूर्ण हो गई है।इसी वजह से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने DDCA से 13 सितंबर के पहले T20 मुकाबले को किसी अन्य तारीख पर कराने का आग्रह किया था।
DDCA ने कहा- मैच तय कार्यक्रम के अनुसार होगा
ट्रैफिक पुलिस की अपील पर DDCA ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि भारत-अफगानिस्तान का पहला T20 मैच 13 सितंबर को ही खेला जाएगा।DDCA के मुताबिक, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक के बाद उसे जरूरी सहयोग और व्यवस्थाओं का भरोसा दिलाया गया है। ऐसे में फिलहाल मैच को स्थगित या रिशेड्यूल करने की कोई योजना नहीं है।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
BRICS सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा कारणों से कुछ हवाई गतिविधियों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। यह आदेश 10 सितंबर से 14 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा।
सम्मेलन में 11 सदस्य देशों और साझेदार देशों के नेता एवं वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होने वाले हैं। इसे देखते हुए एयरपोर्ट, होटलों, भारत मंडपम और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
करीब 30 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात
BRICS सम्मेलन की सुरक्षा के लिए दिल्ली में करीब 30 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले 11 होटलों और भारत मंडपम के आसपास भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।ऐसे में 13 सितंबर को BRICS सम्मेलन और भारत-अफगानिस्तान T20 मैच दोनों होने के कारण दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती रहेगी। हालांकि DDCA के बयान के बाद मैच को लेकर स्थिति फिलहाल स्पष्ट है।
भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज का शेड्यूल
मुकाबला तारीख स्थान
पहला T20 13 सितंबर अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली
दूसरा T20 15 सितंबर अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली
तीसरा T20 17 सितंबर अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली