भारत ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के पूल-D मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-3 से मात देकर अगले दौर में जगह पक्की कर ली। इस हार के साथ पाकिस्तान का टूर्नामेंट से सफर खत्म हो गया।
हरमनप्रीत और अभिषेक ने दागे 2-2 गोल
नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक ने दो-दो गोल किए। वहीं उपकप्तान हार्दिक सिंह ने एक गोल दागकर भारत की जीत में अहम योगदान दिया।हरमनप्रीत ने दोनों गोल पेनल्टी कॉर्नर से किए, जबकि अभिषेक ने दो शानदार फील्ड गोल किए। पाकिस्तान की ओर से हन्नान शाहिद और सुफियान खान ने गोल किए, लेकिन भारतीय टीम की बढ़त को पलट नहीं सके।
भारत ने दर्ज की टूर्नामेंट की दूसरी जीत
पाकिस्तान पर जीत भारत की टूर्नामेंट में दूसरी जीत है। पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ भारत पूल-D में दूसरे स्थान पर रहा और अगले दौर में पहुंच गया।
हरमनप्रीत सिंह बने टूर्नामेंट के टॉप गोल स्कोरर
कप्तान हरमनप्रीत सिंह का शानदार प्रदर्शन जारी है। पाकिस्तान के खिलाफ दो गोल करने के बाद उनके टूर्नामेंट में कुल 5 गोल हो गए हैं और वह फिलहाल टॉप गोल स्कोरर हैं।भारत के अभिषेक भी गोल करने के मामले में शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल हैं।
पाकिस्तान का वर्ल्ड कप सफर खत्म
भारत से हार के बाद पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट के अगले दौर में जगह नहीं बना सकी। मुकाबले में पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन भारतीय टीम ने दबाव बनाए रखते हुए जीत अपने नाम कर ली।