नई दिल्ली - विमेंस हॉकी जूनियर एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी है। चीन के मोकी में गुरुवार, 10 सितंबर को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
भारत के सामने बेबस नजर आई पाकिस्तान टीम
मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया। भारत ने लगातार गोल करते हुए पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा और पूरे मैच में विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। भारत की ओर से पूजा मलिक सबसे सफल खिलाड़ी रहीं, जिन्होंने 27वें, 49वें और 51वें मिनट में गोल दागकर हैट्रिक पूरी की।
इन खिलाड़ियों ने भी बरसाए गोल
पूजा मलिक के अलावा सानिका माने, मधु सिदार, सुप्रिया और ऐंद रोशनी ने दो-दो गोल किए। वहीं पूजा साहू, दिनेश तुनश्री काडू, सुखवीर कौर, गीता यादव, तनुजा टोप्पो, पूर्णिमा यादव, कृष्णा शर्मा और बिनिमा धन ने भी एक-एक गोल किया। भारतीय टीम की आक्रामकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मैच के 60वें मिनट तक गोल का सिलसिला जारी रहा। ऐंद रोशनी ने मुकाबले के आखिरी मिनट में भारत का 19वां गोल किया।
अब सेमीफाइनल में होगी अगली चुनौती
पाकिस्तान को क्वार्टर फाइनल में हराने के बाद भारतीय टीम की नजर अब खिताबी दौड़ पर है। सेमीफाइनल में भारत का सामना मलेशिया और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल की विजेता टीम से होगा। सेमीफाइनल मुकाबले 12 सितंबर को खेले जाएंगे। 19-0 की इस बड़ी जीत के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा होगा और अब उसकी नजर फाइनल में जगह बनाने पर होगी।