भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मैच का असर अब हवाई किरायों और होटल बुकिंग पर साफ दिखाई दे रहा है। दिल्ली और मुंबई से श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के लिए फ्लाइट टिकटों की कीमतों में भारी उछाल दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक, सामान्य दिनों में 20 से 30 हजार रुपये में मिलने वाली फ्लाइट टिकटें अब 5 गुना तक महंगी हो गई हैं। कई उड़ानों का किराया बढ़कर करीब ₹1.50 लाख तक पहुंच गया है। मैच को लेकर फैंस की जबरदस्त मांग और सीमित सीटों के कारण एयरलाइंस ने किराए में बढ़ोतरी की है।
होटलों के रेट भी आसमान छू रहे
सिर्फ फ्लाइट ही नहीं, बल्कि कोलंबो के होटलों के रेट भी आसमान छू रहे हैं। मैच के आसपास की तारीखों में कई प्रीमियम होटलों में एक रात का किराया बढ़कर ₹1.15 लाख तक पहुंच गया है। बजट होटल और होमस्टे में भी सामान्य से कई गुना अधिक कीमत वसूली जा रही है।
भारत-पाक मुकाबले को लेकर उत्साह
ट्रैवल एजेंट्स के मुताबिक, भारत-पाक मुकाबले को लेकर उत्साह इतना ज्यादा है कि कई फ्लाइट्स लगभग फुल हो चुकी हैं और होटल बुकिंग तेजी से भर रही है। भारत-पाक मैच को क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला माना जाता है, और यही कारण है कि इस हाई-वोल्टेज मैच का असर ट्रैवल इंडस्ट्री पर साफ नजर आ रहा है।
Comments (0)