नई दिल्ली - भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने दोनों टेस्ट मैचों में दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह मुफ्त रखने का फैसला किया है। यानी फैन्स को स्टेडियम में बैठकर मुकाबला देखने के लिए टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी।
गॉल और कोलंबो में खेले जाएंगे मुकाबले
टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट कोलंबो में आयोजित होगा। दोनों मुकाबलों के लिए SLC ने फ्री एंट्री की घोषणा की है, जिससे स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के साथ भारतीय टीम के प्रशंसकों को भी स्टेडियम पहुंचकर लाइव मैच देखने का मौका मिलेगा।
शुभमन गिल की कप्तानी में उतरेगी टीम इंडिया
भारतीय टीम इस सीरीज में शुभमन गिल की कप्तानी में मैदान पर उतरेगी। युवा कप्तान के नेतृत्व में टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में मजबूत प्रदर्शन करना चाहेगी। दूसरी ओर मेजबान श्रीलंकाई टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर भारत को चुनौती देने की कोशिश करेगी।
SLC ने फैन्स से की स्टेडियम पहुंचने की अपील
श्रीलंका क्रिकेट ने शुक्रवार को इस फैसले की जानकारी देते हुए क्रिकेट फैन्स, परिवारों और युवा खिलाड़ियों से स्टेडियम पहुंचने की अपील की। बोर्ड का उद्देश्य ज्यादा सेज्यादा लोगों को टेस्ट क्रिकेट से जोड़ना और स्टेडियम में दर्शकों की संख्या बढ़ाना है।
टेस्ट क्रिकेट को बढ़ावा देने की पहल
SLC की इस पहल को टेस्ट क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के लिए दर्शकों को टिकट खरीदना पड़ता है, लेकिन भारत जैसी बड़ी क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाली सीरीज में मुफ्त प्रवेश से स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। बोर्ड का मानना है कि इससे परिवारों और युवा क्रिकेटरों को उच्च स्तर का टेस्ट क्रिकेट करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
फैन्स के लिए बड़ा मौका
भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली यह टेस्ट सीरीज दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण होगी। वहीं क्रिकेट प्रेमियों के लिए बिना टिकट लाइव मुकाबला देखने का मौका इसे और खास बना रहा है। अब देखना होगा कि गॉल और कोलंबो में भारतीय और श्रीलंकाई खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ दर्शकों का उत्साह किस स्तर तक पहुंचता है।