भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज खेला जाएगा। यह मैच हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम, धर्मशाला में दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। इस सीरीज के साथ दोनों टीमें पहली बार द्विपक्षीय वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी।
कोहली-हार्दिक चोट के कारण बाहर, टीम में नए खिलाड़ियों को मौका
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हैं। वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है। ऐसे में टीम में नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना है और प्रिंस यादव या गुरनूर बरार में से किसी एक को डेब्यू कैप मिल सकता है।
धर्मशाला में मौसम बना चिंता का कारण
मौसम विभाग के अनुसार धर्मशाला में आज बारिश की संभावना लगभग 55 प्रतिशत तक है, जिससे मैच पर असर पड़ सकता है। बादल छाए रहने और हल्की बारिश की स्थिति के बीच मुकाबला प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
भारत का अफगानिस्तान पर दबदबा कायम
भारत और अफगानिस्तान के बीच 4 वनडे मैच खेले गए हैं। भारत ने तीन मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है।अफगानिस्तान अभी तक भारत के खिलाफ वनडे में जीत दर्ज नहीं कर सका है। दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत 2023 वनडे वर्ल्ड कप में दिल्ली में हुई थी, जहां भारत ने 8 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की थी।