नई दिल्ली - भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज खेला जाएगा। शुरुआती दो मैचों के बाद भारतीय टीम दबाव में है। पहला मुकाबलाबारिश की वजह से पूरा नहीं हो सका, जबकि दूसरे मैच में इंग्लैंड ने चार विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में बढ़त बना ली। ऐसे में तीसरा मैच टीम इंडिया के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
रात 10 बजे शुरू होगा मुकाबला
ट्रेंट ब्रिज में खेला जाने वाला यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 10:00 बजे शुरू होगा। टॉस मैच से आधा घंटा पहले यानी रात 9:30 बजे होगा। देर रात तक चलने वाले इस मुकाबले के लिए क्रिकेट प्रेमियों को जागना पड़ेगा। टीम इंडिया की कमान संभाल रहे श्रेयस अय्यर अब भी अपनी पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय जीत का इंतजार कर रहे हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने अब तक चार टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें तीन में हार मिली है, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। ऐसे में आज का मुकाबला अय्यर के लिए भी अहम परीक्षा साबित होगा।
इंग्लैंड ने पहले ही घोषित की प्लेइंग इलेवन
इंग्लैंड ने अपनी परंपरा जारी रखते हुए मैच से एक दिन पहले ही अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। मेजबान टीम ने दूसरे मैच की विजयी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं भारतीय टीम की अंतिम एकादश का फैसला टॉस के समय होगा। टी20 विश्व कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम लगातार संघर्ष कर रही है। विश्व विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव अब टीम का हिस्सा नहीं हैं और उनकी जगह श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंपी गई है। हालांकि अब तक टीम उनके नेतृत्व में जीत दर्ज नहीं कर सकी है।
सीरीज बचाने के लिए जीत जरूरी
पांच मैचों की सीरीज में अभी तीन मुकाबले बाकी हैं, लेकिन यदि भारत यह मैच हार जाता है तो सीरीज जीतने की उसकी उम्मीदें लगभग समाप्त हो जाएंगी। ऐसे में टीम इंडिया के सामने आज हर हाल में जीत दर्ज करने की चुनौती होगी। क्रिकेट प्रशंसकों की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या भारतीय टीम वापसी कर सीरीज में बराबरी की दिशा में कदम बढ़ा पाती है या इंग्लैंड अपनी बढ़त और मजबूत करेगा।