ढाका: भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हो और चर्चा न हो, ऐसा कम ही देखने को मिलता है। लेकिन इस बार मैदान पर सिर्फ जीत-हार ही नहीं, बल्कि खेल भावना और खिलाड़ियों के सम्मान ने भी लोगों का ध्यान खींचा। मुकाबले में हार का सामना करने के बावजूद चैंपियन टीम के खिलाड़ियों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इस तस्वीर ने खेल जगत में एक सकारात्मक संदेश दिया है कि खेल में नतीजे अहम होते हैं, लेकिन खिलाड़ियों की उपलब्धियों और उनके संघर्ष का सम्मान भी उतना ही जरूरी है।
फाइनल में भारत की शानदार वापसी
यह मुकाबला 17 नवंबर को बांग्लादेश की राजधानी ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेला गया। SAFF चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में आलमगीर गाजी के गोल की मदद से 1-0 की बढ़त बना ली थी। शुरुआती हाफ में भारतीय टीम को गोल करने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा।
हालांकि, दूसरे हाफ में मुकाबले का रुख बदल गया। 59वें मिनट में VAR की समीक्षा के बाद खतरनाक टैकल के लिए पाकिस्तान के जुनैद शाह को रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद पाकिस्तान की टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर हो गई।
सुहैल भट और संदीप मंडी ने पलट दिया मैच
भारत ने इस मौके का फायदा उठाते हुए 60वें मिनट में बराबरी हासिल कर ली। सुहैल अहमद भट ने शानदार गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
जब मैच अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा था, तभी 88वें मिनट में संदीप मंडी ने निर्णायक गोल दाग दिया। इस गोल के साथ भारत ने 2-1 से जीत दर्ज करते हुए SAFF चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया।
भारत ने पाकिस्तान को भी दिया गार्ड ऑफ ऑनर
इस मुकाबले के बाद मैदान पर खेल भावना की एक खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। मेडल और ट्रॉफी समारोह के दौरान पहले भारतीय खिलाड़ियों ने उपविजेता पाकिस्तान की टीम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भी भारतीय टीम को उसी अंदाज में सम्मानित किया।
दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और हाई-फाइव देकर खेल भावना का परिचय दिया। भारत-पाकिस्तान के बीच हाल के समय में क्रिकेट मुकाबलों के दौरान हाथ नहीं मिलाने की घटनाओं के बीच फुटबॉल के मैदान से आई यह तस्वीर काफी खास रही।
भारत ने बनाया खिताबी जीत का रिकॉर्ड
इस जीत के साथ भारतीय फुटबॉल टीम ने SAFF चैंपियनशिप का अपना 10वां खिताब जीत लिया। इतना ही नहीं, भारत ने लगातार तीसरी बार यह प्रतियोगिता जीतकर खिताबी हैट्रिक भी पूरी की।
गौरतलब है कि पाकिस्तान की टीम पहली बार SAFF चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची थी। वहीं, भारत ने इस प्रतियोगिता में अपनी मुख्य सीनियर टीम के बजाय युवा खिलाड़ियों से सजी टीम उतारी थी, जिसकी कमान अंडर-23 कोच नौशाद मूसा के पास थी।
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला भले ही मैदान पर कड़ा रहा, लेकिन मैच के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि प्रतिद्वंद्विता के साथ सम्मान और खेल भावना भी कायम रखी जा सकती है।