भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए एशियन गेम्स 2026 का सफर अब आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी। टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी हरमनप्रीत कौर के हाथों में सौंपी गई है, जबकि स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है।
हरमनप्रीत पर फिर जताया गया भरोसा
हाल ही में टी20 विश्व कप में उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाने के बावजूद चयनकर्ताओं ने कप्तानी में कोई बदलाव नहीं किया। बोर्ड का मानना है कि बड़े टूर्नामेंटों का अनुभव एशियन गेम्स में भारत के लिए अहम साबित हो सकता है।
डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगा भारत
भारतीय महिला टीम पिछली बार एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुकी है। ऐसे में इस बार भी टीम के सामने गोल्ड मेडल बरकरार रखने की चुनौती होगी। सितंबर में जापान के आइची-नागोया में होने वाले इस बहु-खेल आयोजन पर सभी की निगाहें रहेंगी।
श्रेयांका को मिला मौका, फिटनेस पर फैसला बाकी
टखने की चोट से जूझ रहीं ऑलराउंडर श्रेयांका पाटिल को टीम में शामिल किया गया है। हालांकि उनका अंतिम चयन फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगा। वहीं विकेटकीपर के रूप में जी कमलिनी को मौका मिला है।
अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलन
टीम में हरमनप्रीत, स्मृति, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई युवा चेहरों को भी जगह दी गई है। गेंदबाजी विभाग में रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव और नंदिनी शर्मा से अच्छी शुरुआत की उम्मीद रहेगी।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, जी कमलिनी, भारती फूलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयांका पाटिल, राधा यादव और नंदिनी शर्मा।