चेन्नई - चेन्नई सुपरकिंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें आज आईपीएल में एक दूसरे के सामने होंगी। बता दें कि, दोनों टीमों का हाल इस सीजन में अभी तक बहुत खराब है। केकेआर का तो अभी तक जीत का खाता भी नहीं खुला है, हालांकि सीएसके ने अपनी जीत का सिलसिला देर से ही सही, लेकिन शुरू कर दिया है। आज का मैच रोचक होगा, लेकिन ये अंक तालिका की दो सबसे नीचे वाली टीमों के बीच जंग है।
फार्म में आए संजू सैमसन
IPL 2026 में आज शाम 7:30 बजे चेन्नई सुपरकिंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला होना है। इससे पहले दोनों टीम के कप्तान 7 बजे टॉस करेंगे।मैच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा। सीएसके के लिए अच्छी बात ये है कि संजू सैमसन ने पिछले ही मैच में धमाकेदार शतक जड़ा था और ये बताने की कोशिशकी कि वे अब फार्म में आ चुके हैं। अब वे इसी तरह की बल्लेबाजी करते रहे तो फिर केकेआर के लिए मुश्किल बढ़ेगी, इसमें कोई शक नहीं है।
सीएसके के पास नया बॉलिंग अटैक
चेन्नई सुपरकिंग्स के पास इस वक्त बिल्कुल नया बॉलिंग अटैक है। खासकर स्पिनर्स नए हैं। अफगानिस्तान के नूर अहमद और वेस्टइंडीज के अकील होसैन ये जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। खलील अहमद तेज गेंदबाजी से शुरुआत करते हैं। वे अच्छी स्विंग कराते हैं, जो केकेआर के लिए अच्छी बात नहीं है। सीएसके को अपने घर में खेलने का भी फायदा मिलता हुआ नजर आ सकता है। हालांकि पिछले कुछ वक्त में चेन्नई सुपरकिंग्स को उसके घर में कई टीमों ने हराया है, लेकिन केकेआर की टीम उनसे काफी कमजोर नजर आ रही है।
केकेआर के सामने बहुत सारी मुश्किलें
अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली टीम केकेआर अभी तक लय नहीं पकड़ पाई है। टीम के पास एक अंक हैं, वो भी मैच रद्द होने के कारण मिला है। टीम की ओपनिंग जोड़ी अच्छा नहीं कर पा रही है। मिडल आर्डर भी बुरी तरह से फ्लॉप है। सबसे महंगे खिलाड़ी के तौर पर आए कैमरून ग्रीन ना तो रन बना पा रहे हैं, ना ही विकेट उन्हें मिल रहे हैं, यही टीम की टेंशन का सबसे बड़ा विषय है।
क्या धोनी की होगी वापसी !
अगर पूर्व कप्तान एमएस धोनी की बात करें तो वे अपनी चोट से उबर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, माही ने सोमवार को मैदान पर उतरकर बल्लेबाजी की प्रैक्टिस की है और जल्द ही पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे। लेकिन चेन्नई का मैनेजमेंट उनको लेकर क्या फैसला करता है, ये देखना दिलचस्प होगा। वैसे आज उनके खेलने को लेकर पक्के तौर पर कुछ भी नहीं कहा जा सकता।