आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार (31 मई) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटन्स (GT) खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन करने वाली दोनों टीमें अब ट्रॉफी से सिर्फ एक जीत दूर हैं।
क्वालिफायर मुकाबलों में दिखाया दम
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटन्स को हराकर सीधे फाइनल में प्रवेश किया था। उस मुकाबले में कप्तान रजत पाटीदार ने केवल 33 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी।
वहीं गुजरात टाइटन्स ने क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया। उस मैच में कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतक जड़ते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
दोनों टीमों के पास इतिहास रचने का मौका
आरसीबी ने आईपीएल इतिहास में पांचवीं बार फाइनल में जगह बनाई है। दूसरी ओर गुजरात टाइटन्स तीसरी बार फाइनल मुकाबला खेलने उतरेगी। रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी 2025 में अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी है, जबकि गुजरात टाइटन्स ने 2022 में अपने डेब्यू सीजन में ही खिताब जीता था।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात का शानदार रिकॉर्ड
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स का रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। इस सीजन टीम ने अपने घरेलू मैदान पर खेले गए सात मुकाबलों में से पांच में जीत दर्ज की है। ऐसे में फाइनल में उसे घरेलू परिस्थितियों का लाभ मिल सकता है।
विराट कोहली और शुभमन गिल पर रहेंगी नजरें
फाइनल मुकाबले में क्रिकेट प्रेमियों की नजरें विराट कोहली और शुभमन गिल पर टिकी रहेंगी। विराट कोहली ने इस सीजन 15 मैचों में 164.38 की स्ट्राइक रेट से 600 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है।
वहीं गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने 15 मैचों में 722 रन बनाए हैं। उनके अलावा साई सुदर्शन भी शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने 16 मैचों में 710 रन बनाए हैं।
गेंदबाजी भी होगी निर्णायक
आरसीबी की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने इस सीजन 15 मैचों में 26 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं गुजरात टाइटन्स के कगिसो रबाडा 16 मैचों में 28 विकेट लेकर पर्पल कैप की दौड़ में सबसे आगे हैं।
इस सीजन दोनों मुकाबलों में आरसीबी रही भारी
आईपीएल 2026 में दोनों टीमें दो बार आमने-सामने आई हैं और दोनों ही मुकाबलों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीत दर्ज की है। ऐसे में फाइनल में गुजरात टाइटन्स के सामने हिसाब बराबर करने की चुनौती होगी, जबकि आरसीबी लगातार तीसरी जीत के साथ खिताब अपने नाम करना चाहेगी।