कोलकाता - IPL 2026 का 60वां मुकाबला आज ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा, जहां कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। एक ओर KKR के लिए यह ‘करो या मरो’ की जंग है, वहीं गुजरात की नजर जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में अपनी जगह पक्की करने पर होगी।
KKR की प्लेऑफ में उम्मीदें जिंदा
अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रदर्शन इस सीजन में उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। टीम को लगातार टीम कॉम्बिनेशन और बल्लेबाजी क्रम में बदलाव का नुकसान उठाना पड़ा। अब कोलकाता के पास सिर्फ तीन मुकाबले बचे हैं और प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए उसे हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
वरुण चक्रवर्ती की वापसी हो सकती है
हालांकि कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए राहत की खबर यह है कि स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की वापसी हो सकती है। पिछले मैच में उनकी गैरमौजूदगी टीम पर भारी पड़ी थी। बल्लेबाजी में अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, जिनसे टीम को आज भी बड़ी उम्मीदें होंगी।
गुजरात शानदार फॉर्म में है
दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम लगातार पांच मैच जीत चुकी है। साई सुदर्शन और शुभमन गिल बल्ले से बेहतरीन लय में हैं, जबकि राशिद खान, कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर की गेंदबाजी विपक्षी टीमों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही है।
ईडन गार्डन्स की पिच की स्थिति इस प्रकार
ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजों और स्पिनर्स दोनों के लिए मददगार मानी जा रही है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार शाम को हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है।दोनों टीमों के बीच अब तक पांच मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें गुजरात ने चार बार जीत दर्ज की है। ऐसे में आज का मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
गुजरात टाइटंस की प्लेइंग-12 इस प्रकार है
गुजरात टाइटंस में शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज के साथ प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग-12 इस प्रकार है
कोलकाता नाइट राइडर्स में अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा और मनीष पांडे को मौका मिल सकता है।