नई दिल्ली - आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबादने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब केवल एक स्थान बाकी है, जिसके लिए तीन टीमों के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है। इस अंतिम स्थान की रेस में पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स शामिल हैं। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के लिए आगे बढ़ने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।
पंजाब के सामने जीत की मजबूरी
पंजाब किंग्स का अगला मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ है। टीम के पास फिलहाल 13 मैचों में 13 अंक हैं। अगर पंजाब यह मैच जीतती है तो उसके 15 अंक हो जाएंगे, लेकिन उसे उम्मीद करनी होगी कि राजस्थान अपना मैच हार जाए।
राजस्थान का अगला मैच निर्णायक
राजस्थान रॉयल्स को अपना अगला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलना है। यदि राजस्थान यह मुकाबला जीत जाती है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे और वह सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। इस स्थिति में पंजाब और KKR की राह मुश्किल हो जाएगी।
KKR की उम्मीदें भी टिकी हैं
अगर पंजाब और कोलकाता दोनों अपने-अपने मैच जीतते हैं, तो दोनों के पास अधिकतम 15-15 अंक होंगे। ऐसे में राजस्थान की हार की स्थिति में ही दोनों टीमों की उम्मीदें जिंदा रहेंगी। यह मुकाबला नेट रन रेट के आधार पर भी तय हो सकता है।
प्लेऑफ का फॉर्मेट समझिए
टॉप-2 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स पहले ही जगह बना चुके हैं और ये दोनों क्वालिफायर-1 खेलेंगे। तीसरे स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद मौजूद है, जो एलिमिनेटर में चौथे नंबर की टीम से भिड़ेगी। इस मुकाबले का विजेता दूसरे क्वालिफायर में पहुंचेगा, जहां उसका सामना क्वालिफायर-1 की हारने वाली टीम से होगा। इसके बाद जीतने वाली टीम फाइनल में जगह बनाएगी।