चंडीगढ़: आईपीएल 2026 के शुरुआती सात मैचों में अजेय रहने वाली पंजाब किंग्स की टीम अचानक लड़खड़ा गई है। सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली हार पंजाब की लगातार चौथी हार है। इस हार के साथ ही पंजाब किंग्स ने न केवल टेबल टॉपर बनने का मौका गंवा दिया, बल्कि अब उन पर प्ले-ऑफ से बाहर होने का खतरा भी मंडराने लगा है। लगातार मिल रही नाकामियों से कप्तान श्रेयस अय्यर अपना आपा खो बैठे हैं।
"बोलिंग और फील्डिंग ने हमें हराया" - श्रेयस अय्यर
मैच के बाद हुई प्रेजेंटेशन में श्रेयस अय्यर ने बिना किसी लाग-लपेट के हार का दोष सीधे अपने खिलाड़ियों पर डाल दिया। उन्होंने कहा, "मैं घुमा-फिराकर बात नहीं करूंगा। हमारी खराब फील्डिंग और गेंदबाजी ने हमें यह मैच हरवाया है।" अय्यर के बयानों से साफ था कि वे बल्लेबाजों के प्रदर्शन से संतुष्ट थे, लेकिन गेंदबाजों के अनुशासनहीन प्रदर्शन से बेहद नाराज हैं।
210 रन बनाने के बावजूद मिली हार
पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 210 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। अय्यर का मानना था कि यह स्कोर जीत के लिए काफी था। उन्होंने कहा, "इस पिच पर गेंद स्विंग हो रही थी और असमान उछाल था। मेरे हिसाब से हमने 30 रन अतिरिक्त बनाए थे। लेकिन हमारे गेंदबाजों ने सही लेंथ पर गेंद नहीं डाली और फील्डिंग में भी कई गलतियां हुईं।"
चहल को ओवर न देने पर विवाद
इस मैच में श्रेयस अय्यर की कप्तानी की भी तीखी आलोचना हो रही है। उन्होंने आईपीएल के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक, युजवेंद्र चहल को पूरे मैच में एक भी ओवर नहीं दिया। इस पर सफाई देते हुए अय्यर ने कहा, "मैंने चहल के बारे में सोचा था, लेकिन जिस तरह से पिच से तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही थी, मुझे लगा कि पेसर्स विकेट निकाल लेंगे। दुर्भाग्य से मेरी यह योजना काम नहीं आई।"
प्ले-ऑफ की राह हुई मुश्किल
पंजाब किंग्स फिलहाल 11 मैचों में 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। गुरुवार को उन्हें अपने ही घरेलू मैदान पर मुंबई इंडियंस का सामना करना है। अगर पंजाब यह मैच भी हार जाती है, तो प्ले-ऑफ की दौड़ उनके लिए लगभग नामुमकिन हो जाएगी। शुरू में अजेय रहने वाली टीम के इस पतन ने मैनेजमेंट और फैंस दोनों की चिंता बढ़ा दी है।