आईपीएल 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने कप्तानी छोड़ दी है। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की। बताया गया कि पंत ने खुद टीम प्रबंधन से कप्तानी की जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने की मांग की थी, जिसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया।
टीम प्रबंधन ने क्या कहा?
लखनऊ सुपर जाएंट्स के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने कहा कि ऋषभ पंत का फैसला आसान नहीं था, लेकिन टीम ने उनके निर्णय का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि पंत ने कप्तान के तौर पर ड्रेसिंग रूम में अहम योगदान दिया और अब फ्रेंचाइजी अगले सीजन के लिए नई रणनीति पर काम करेगी।
कप्तानी में फ्लॉप रही लखनऊ टीम
आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने ऋषभ पंत को रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। टीम को उम्मीद थी कि पंत के नेतृत्व में फ्रेंचाइजी पहली बार खिताब की दावेदार बनेगी, लेकिन लगातार दो सीजन में टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। आईपीएल 2026 में लखनऊ की टीम 14 मैचों में सिर्फ 4 जीत दर्ज कर पाई और पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही। इससे पहले 2025 सीजन में भी टीम सिर्फ 6 मुकाबले जीत सकी थी। ऐसे में लगातार खराब नतीजों के बाद कप्तानी पर सवाल उठने लगे थे।
बल्ले से भी नहीं चला पंत का जादू
कप्तानी के साथ-साथ ऋषभ पंत का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। आईपीएल 2025 में उन्होंने 269 रन बनाए थे, जबकि 2026 सीजन में उनके बल्ले से 312 रन निकले। हालांकि बड़ी पारियां खेलने में वे लगातार संघर्ष करते नजर आए।
नए कप्तान की तलाश शुरू
फिलहाल लखनऊ सुपर जाएंट्स ने नए कप्तान के नाम का ऐलान नहीं किया है। माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी जल्द ही नए नेतृत्व को लेकर बड़ा फैसला ले सकती है। टीम मैनेजमेंट अगले सीजन में पूरी तरह नए संयोजन के साथ उतरने की तैयारी में है।