चेन्नई - दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने कमाल की पारी खेली। संजू ने 52 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने इस पारी के साथ ही अपने टी20 क्रिकेट में 400 छक्के पूरे कर लिए हैं। सैमसन इससे पहले आईपीएल 2026 में फ्लॉप रहे थे और उनकी फॉर्म को लेकर चिंता बनी हुई थी। संजू टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार फॉर्म में थे लेकिन आईपीएल में आते ही उनका बल्ला शांत हो गया था।
सैमसन की जबरदस्त वापसी
सैमसन लगातार तीन मैचों में फ्लॉप रहे थे लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जबरदस्त वापसी की। उन्होंने शतक ही नहीं लगाया बल्कि रोहित शर्मा और विराट कोहली की खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं। उन्होंने टी20 क्रिकेट में 400 छक्के पूरे किए हैं और ऐसा करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
संजू का आईपीएल में चौथी सेंचुरी
आईपीएल 2026 से पहले दाएं हाथ के बल्लेबाज को चेन्नई ने राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल किया था। ऐसे में सीएसके को उम्मीद थी कि वे टी20 विश्व कप वाला फॉर्म जारी रखेंगे लेकिन पहले तीन मैचों में अच्छा खेल नहीं दिखा सके। तीन मैचों के बाद सैमसन ने अपना रौद्र रूप दिखाया और 52 गेंदों पर सेंचुरी ठोक दी। उनके आईपीएल करियर की ये चौथी सेंचुरी है। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 5 सालों बाद शतक लगाया है। इससे पहले विकेटकीपर बल्लेबाज ने 2021 में पंजाब के खिलाफ ये कारनामा किया था।
संजू ने टी20 क्रिकेट में 400 छक्के पूरे किए
संजू सैमसन ने शतक लगाने के साथ ही टी20 क्रिकेट में 400 छक्के पूरे कर लिए हैं। वे ऐसा कारनामा करने वाले भारत के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। संजू से पहले रोहित शर्मा, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव ने ये कारनामा किया है। टी20 में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले भारतीयों में रोहित 554 छक्कों के साथ पहले स्थान पर हैं।