बेंगलुरु - इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 34वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से हरा दिया। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच में आरसीबी ने लक्ष्य का पीछा करते हुए दमदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया और 18.5 ओवर में 206 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में विराट कोहली ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
कोहली ने आईपीएल में बड़ा कारनामा किया
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने आईपीएल में बड़ा कारनामा किया है। कोहली ने एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसके बाद वे क्रिस गेल और मुंबई इंडियंस टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं। आपको बता दें कि, गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलते हुए विराट ने धीमी शुरुआत की लेकिन उसके बाद शॉट्स खेलने शुरू कर दिए। उन्होंने राशिद खान के खिलाफ छक्का लगाया और इसी के साथ खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
विराट कोहली शानदार फॉर्म में चल रहे
RCB के पूर्व कप्तान विराट कोहली आईपीएल में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और रन बनाने के मामले में टॉप बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हैं। अब किंग कोहली नेशुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम गुजरात के खिलाफ एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जो अब तक आईपीएल के इतिहास में सिर्फ दो बल्लेबाज कर सके हैं। कोहली अब तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। दरअसल, विराट ने आईपीएल में 300 छक्के पूरे कर लिए हैं।
विराट ने आईपीएल में 300 सिक्स पूरे किए
विराट कोहली ने इससे पहले 273 मैच खेलते हुए 299 छक्के लगाए थे। उन्हें 300 छक्के पूरे करने के लिए एक सिक्स की दरकार थी। विराट ने राशिद खान के पहले ओवर में छक्का लगाया और इसी के साथ आईपीएल में 300 सिक्स पूरे कर लिए हैं। कोहली अब तक आईपीएल के इतिहास में 300 छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले क्रिस गेल और रोहित शर्मा ये कारनामा कर चुके हैं।