लखनऊ: आईपीएल में बुधवार को खेले गए मुकाबले में क्रिकेट फैंस को कुछ अलग देखने को मिला। आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मशहूर टी-20 फॉर्मेट में इस बार गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 40 रन से हराकर दमदार जीत दर्ज की।
शुरुआत से ही गेंदबाजों का दबदबा
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली लखनऊ की टीम को शुरुआत में सफलता मिली। मोहम्मद शमी ने लगातार दो गेंदों पर यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल को आउट कर राजस्थान को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद मोहसिन खान ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए एक और झटका दिया। महज 8 गेंदों के अंदर राजस्थान ने अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए, जिससे टीम दबाव में आ गई।
रियान पराग और जडेजा ने संभाली पारी
कठिन परिस्थिति में कप्तान रियान पराग और शिमरन हेटमायर ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन रन गति तेज नहीं कर सके। हेटमायर के आउट होने के बाद रविंद्र जडेजा ने जिम्मेदारी संभाली। जडेजा ने 29 गेंदों में नाबाद 43 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उनके साथ शुभमन दुबे ने भी 11 गेंदों में 19 रन की अहम पारी खेली। राजस्थान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 159 रन बनाए।
लखनऊ की बल्लेबाजी रही पूरी तरह फ्लॉप
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। आयुष बदोनी, ऋषभ पंत और एडेन मार्करम बिना खाता खोले आउट हो गए। 11 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद टीम दबाव से उबर नहीं पाई। मिचेल मार्श ने जरूर 41 गेंदों में 55 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास साथ नहीं मिला। पूरी टीम 19 ओवर में 119 रन पर सिमट गई।
राजस्थान के गेंदबाजों ने दिलाई जीत
राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने 2-2 विकेट लेकर लखनऊ की कमर तोड़ दी। वहीं रविंद्र जडेजा ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 1 विकेट लिया।
दो मैच बाद राजस्थान की वापसी
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने दो मैचों के बाद आईपीएल में वापसी की है। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स को अपने घरेलू मैदान पर करारी हार का सामना करना पड़ा।