टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से मात दी और लगातार दूसरा टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। आपको बता दें कि, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मैच में भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 256 रन का टारगेट सेट किया था।
भारत ने तीसरी बार जीता टी20 विश्वकप
न्यूजीलैंड टीम शुरुआत में दबाव में दिखी और वो लक्ष्य से काफी दूर रह गई। भारतीय क्रिकेट टीम ने ओवरऑल तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। भारत की इस जीत के बाद विकेटकीपर बैटर ईशान किशन ने अपनी कमबैक पर एक बड़ा खुलासा किया है कि, कैसे कप्तान सूर्या के एक फोन कॉल से उनकी किस्मत पलट गई।
सूर्या भाई ने मुझे कुछ महीने पहले फोन किया
भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज ईशान किशन ने अपनी वापसी को लेकर कहा कि, सूर्या भाई ने मुझे कुछ महीने पहले फोन किया और पूछा कि क्या मैं उनके लिए वर्ल्ड कप जीत सकता हूं? मैंने बदले में उनसे पूछा कि क्या आप मुझ पर भरोसा करेंगे? और उन्होंने 'हां' कहा। इसके साथ ही ईशान ने अपने बयान में आगे कहा कि उनके लिए यह सफर किसी उतार-चढ़ाव जैसा रहा है।
सब किसी फिल्मी सफर जैसा रहा है
विकेटकीपर बैटर ईशान किशन ने कहा कि, सच कहूं तो, जब मैं टीम से बाहर हुआ था, तब से यहां तक का सफर मेरे लिए बहुत लंबा रहा है। घरेलू क्रिकेट में वापस जाना, फिर वहां से दोबारा नेशनल टीम में जगह बनाना, इस टूर्नामेंट को खेलना और अब वर्ल्ड चैंपियन बनना यह सब किसी फिल्मी सफर जैसा रहा है।
हम ऐसी जीत बार-बार हासिल करना चाहते हैं
27 साल के इस खिलाड़ी ने आगे कहा कि, मुझे लगता है कि हमें ऐसे और भी खिताब जीतने चाहिए, क्योंकि ये वो पल हैं जिन्हें मैं अपनी पूरी जिंदगी में कभी नहीं भूलूँगा।विकेटकीपर बैटर ईशान किशन ने आगे कहा कि, मैं और मेरी पूरी टीम बहुत खुश है। हम ऐसी जीत बार-बार हासिल करना चाहते हैं।
Comments (0)