भारतीय फुटबॉल को बड़ा झटका देते हुए जमशेदपुर एफसी ने इंडियन सुपर लीग (ISL) 2026-27 सीजन से अपना नाम वापस लेने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। क्लब ने बयान जारी कर पुष्टि की कि वह इस सीजन में आईएसएल का हिस्सा नहीं बनेगा। इससे पहले भी क्लब के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिन पर अब आधिकारिक मुहर लग गई है।
55 लाख रुपये की पहली किस्त नहीं जमा करने के बाद बढ़ी थी चर्चा
आईएसएल में भागीदारी के लिए पहली किस्त के रूप में 55 लाख रुपये जमा करने की अंतिम तिथि शुक्रवार तय की गई थी। लेकिन अंतिम दिन भी जमशेदपुर एफसी ने यह राशि जमा नहीं की। इसके बाद क्लब के लीग से हटने की संभावना तेज हो गई थी। कुछ ही देर बाद क्लब ने आधिकारिक बयान जारी कर साफ कर दिया कि वह इस बार आईएसएल में हिस्सा नहीं लेगा।

फुटबॉल विकास का काम रहेगा जारी
क्लब ने अपने बयान में कहा कि आईएसएल से हटने का फैसला केवल लीग में भागीदारी तक सीमित है। जमशेदपुर एफसी अपनी फुटबॉल गतिविधियों को बंद नहीं करेगा। क्लब जमीनी स्तर पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने और भारतीय फुटबॉल के विकास के लिए पहले की तरह काम करता रहेगा।
डूरंड कप में खेल रही है टीम, सीनियर स्क्वॉड पर सस्पेंस
फिलहाल जमशेदपुर एफसी डूरंड कप में हिस्सा ले रहा है। हालांकि, आईएसएल से हटने के बाद क्लब की सीनियर टीम का भविष्य क्या होगा, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। इससे खिलाड़ियों और प्रशंसकों के बीच कई सवाल बने हुए हैं।
इंटर काशी ने टाली अटकलें
जमशेदपुर एफसी के साथ इंटर काशी को लेकर भी आईएसएल से हटने की चर्चा चल रही थी। क्लब ने नए सीजन के लिए टीम गठन शुरू नहीं किया था, कई खिलाड़ी दूसरे क्लबों से जुड़ चुके थे और डूरंड कप में भी हिस्सा नहीं लिया गया था। लेकिन अंतिम समय में इंटर काशी ने पहली किस्त के 55 लाख रुपये जमा कर दिए, जिसके बाद उसके आईएसएल में खेलने का रास्ता फिलहाल साफ हो गया।