भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर विश्व विजेता का तमगा हासिल किया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने आठ मार्च को न्यूजीलैंड को मात देकर टी20 वर्ल्ड कप-2026 का खिताब अपने नाम किया। आपको बता दें कि, टीम की इस जीत में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का योगदान काफी अहम रहा। वहीं अब टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव इस गेंदबाज के मुरीद बन गए हैं और उन्हें रोबोट तक कह डाला है।
टी20 विश्वकप के फाइनल में बुमराह को शानदार प्रदर्शन
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टी-20 विश्वकप 2026 के फाइनल में चार ओवरों में 15 रन देकर चार विकेट हासिल किए थे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था। इससे पहले, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में जब टीम इंडिया मुश्किल में थी तब बुमराह ने दो शानदार ओवर फेंक भारत को जीत दिलाने में अहम रोल निभाया था। अपने प्रदर्शन से बुमराह ने एक बार फिर साबित किया है कि वह किसी भी स्थिति में टीम को जीत दिलाने का दम रखते हैं।
सूर्या ने की बुराह की जमकर तारीफ
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आईसीसी से बात करते हुए जसप्रीत बुमराह की जमकर तारीफ की। सूर्या ने कहा कि, इस टूर्नामेंट में भारत के लिए किसी भी गेंदबाज ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब नहीं जीता था। फाइनल में बुमराह ने ये काम कर दिया। टी20 कप्तान ने आगे कहा कि, बुमराह ने बड़े मौकों पर आगे आकर दमदार खेल दिखाया। ये उनके लिए सबसे सही मौका था। वह रोबोट हैं, राष्ट्रीय धरोहर हैं। बुमराह बार-बार मुश्किल समय में भारत की मदद करते हैं।