इंडियन प्रीमियर लीग 2026 ( IPL) से पहले खबर आई कि, भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोटिल हैं। अब बुमराह ने वर्कलोड मैनेजमेंट के लिए बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ESPN क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह मुख्य रूप से स्ट्रेंथ एंड कंडीशन पर काम करने के लिए COE में हैं।
जुलाई में भारतीय टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी
जुलाई में भारतीय टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी। इस दौरान 5 टी20 और 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इसी सीरीज को देखते हुए बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने बुमराह के COE में अभ्यास करने की योजना बनाई है। बुमराह COE में गेंदबाजी जारी रखेंगे और जल्द ही मुंबई इंडियंस से जुड़ेंगे। आईपीएल 2026 के अपने पहले मैच में मुंबई का सामना कोलकाता नाइटराडर्स से होगा। यह मुकाबला 29 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
टी20 विश्व कप 2026 में बुमराह का शानदार खेल
जसप्रीत बुमराह हाल ही में टी20 विश्व कप 2026 खेलते नजर आए थे। भारतीय टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार ट्रॉफी जीती थी। कीवी टीम के खिलाफ फाइनल में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। बुमराह ने अपने चार ओवरों में 15 रन देकर 4 विकेट लिए थे। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने 8 मुकाबलों में 14 शिकार किए थे।
IPL में बुमराह का प्रदर्शन...
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इंडियन प्रीमियर लीग 2026 ( IPL) में छठे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। सिर्फ मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले इस गेंदबाज ने अब तक खेले 145 मैच की 145 पारियों में 183 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 बार 5 विकेट हॉल भी लिया है। 5/10 लीग में उनका बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन है।