नई दिल्ली - आईपीएल 2026 में अपनी दमदार प्रदर्शन के बाद राजस्थान रॉयल्स के स्टार युवा विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। बता दें कि, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को पहली बार सीनियर पुरुष टीम में चुना गया है। वहीं भारतीय क्रिकेट के पूर्व महान कप्तान कपिल देव ने किशोर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्रिकेट फैन्स और विशेषज्ञों को धैर्य रखने की अपील की है।
वैभव पर उम्मीदों का बोझ नहीं डालना चाहिए
भारत की टी20 टीम में जगह मिलने के बाद स्टार युवा विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर काफी चर्चा हो रही है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के पूर्व महान कप्तानकपिल देव का मानना है कि, इतनी कम उम्र में किसी खिलाड़ी पर जरूरत से ज्यादा उम्मीदों का बोझ नहीं डालना चाहिए। कपिल देव ने कहा कि, बहुत जल्दी बहुत ज्यादा उम्मीदें मत रखिए। उसने अपना असाधारण टैलेंट दिखाया है, उसको समय दो। आगे उसके करियर में कई उतार-चढ़ाव आएंगे। उसके पास खास प्रतिभा है और उसे अपने खेल पर फोकस बनाए रखना चाहिए।
युवा खिलाड़ी को सही माहौल मिलना चाहिए
भारतीय क्रिकेट के पूर्व महान कप्तान कपिल देव का यह बयान ऐसे समय आया है जब वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा माना जा रहा है। हालांकि पूर्व विश्व कप विजेता कप्तान का मानना है कि युवा खिलाड़ी को समय और सही माहौल मिलना चाहिए, ताकि वह अपने टैलेंट को लंबे समय तक साबित कर सके।
वैभव ने IPL 2026 में 776 रन बनाए
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेलते हुए ऐतिहासिक और रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन किया। मात्र 15 साल की उम्र में उन्होंने टूर्नामेंट में 16 पारियों में 776 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें 'ऑरेंज कैप' (Orange Cap) से नवाजा गया ।
उनके प्रदर्शन के मुख्य आकर्षण और उपलब्धियां इस प्रकार हैं
ऑरेंज कैप और रन - 15 वर्ष की आयु में सबसे कम उम्र के ऑरेंज कैप विजेता बने। उन्होंने कुल 776 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल थे।
विस्फोटक स्ट्राइक रेट - उनका स्ट्राइक रेट 237.31 का रहा, जो पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा था।
छक्कों का रिकॉर्ड - वैभव ने एक ही आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा 72 छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया, जिसमें उन्होंने क्रिस गेल (59 छक्के) का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया।
अवॉर्ड्स की हैट्रिक - शानदार खेल के लिए उन्हें इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन (Emerging Player), मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) और सुपर स्ट्राइकर (Super Striker) समेत कुल पांच बड़े अवॉर्ड मिले।
अंतरराष्ट्रीय टीम में चयन - इस धमाकेदार प्रदर्शन की बदौलत वैभव को पहली बार सीनियर भारतीय क्रिकेट टीम में चुनते हुए इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे की टीम में जगह मिली है।