कोलकाता: क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और इस बात को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने एक बार फिर सच साबित कर दिखाया है। टूर्नामेंट के पहले छह मैचों के बाद बेहद कम लोगों को उम्मीद थी कि केकेआर प्लेऑफ की दौड़ में अपनी जगह बना पाएगी। लेकिन इस अनिश्चितता को ही अपनी ताकत बनाकर केकेआर ने मैदान पर वो कर दिखाया जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। अगले सात मैचों में से छह मैच जीतकर टीम ने न सिर्फ टूर्नामेंट में दहाड़ मारी है, बल्कि खुद को मजबूती से रेस में वापस ला खड़ा किया है।
बुधवार को ईडन गार्डन्स के ऐतिहासिक मैदान पर मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को धूल चटाने के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टीम के इस शानदार कमबैक और इसके पीछे छिपे राज से पर्दा उठाया।
महत्वपूर्ण पलों में सही फैसले ने बदली किस्मत
मैच के बाद बात करते हुए कप्तान अजिंक्य रहाणे ने साफ किया कि टीम की इस वापसी की मुख्य वजह खुद पर अटूट विश्वास और सही समय पर अपनी गलतियों को सुधारने की क्षमता रही। रहाणे ने कहा- "शुरुआती छह मैचों के बाद हमने आपस में कई बार चर्चा की। ऐसा नहीं था कि हम बहुत खराब क्रिकेट खेल रहे थे, लेकिन मैच जीतने के लिए जो सबसे जरूरी होता है—यानी महत्वपूर्ण पलों (Crucial Moments) में सही काम करना, वो हमसे नहीं हो पा रहा था। इसके बावजूद टीम का आत्मविश्वास कभी कम नहीं हुआ। इसी आत्मविश्वास ने हमें दोबारा खड़े होने और मैच जीतने में मदद की।"
खराब दौर में भी नहीं बिगड़ा ड्रेसिंग रूम का माहौल
सफलता के इस सफर में कप्तान रहाणे ने टीम के कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ की भूमिका की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब टीम मुश्किल दौर से गुजर रही थी, तब भी मैनेजमेंट ने खिलाड़ियों का मनोबल टूटने नहीं दिया। "मुश्किल समय में भी कोच और हमारे सपोर्ट स्टाफ लगातार खिलाड़ियों के साथ खड़े रहे। पूरे सीजन में एक बार के लिए भी हमारे ड्रेसिंग रूम का माहौल खराब या नकारात्मक नहीं हुआ। सबने हर खिलाड़ी का हौसला बढ़ाया। हमने अपनी रणनीतियों और तैयारियों पर कड़ी मेहनत की और आज उसी का नतीजा सबके सामने है।"
कैमरन ग्रीन की गेंदबाजी बनी 'गेम चेंजर'
कप्तान रहाणे ने टीम के स्टार खिलाड़ी कैमरन ग्रीन (Cameron Green) की विशेष रूप से सराहना की। शुरुआत में ग्रीन गेंदबाजी नहीं कर रहे थे, लेकिन जब से उन्होंने गेंद थामी है, मैच का पासा ही पलट गया है। रहाणे ने ग्रीन को लेकर कहा, "जब से ग्रीन ने गेंदबाजी करना शुरू किया है, तब से यह साफ दिख रहा है कि वह टीम के संतुलन में कितना बड़ा अंतर पैदा कर सकते हैं। इस फॉर्मेट (टी20) में वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर्स में से एक हैं।"इसके अलावा रहाणे ने टीम के अन्य प्रमुख खिलाड़ियों रोवमैन पॉवेल, मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और अनुभवी सुनील नरेन के प्रदर्शन की भी सराहना की।
घरेलू क्रिकेट के युवा सितारों ने दिखाया दम
सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ केकेआर के कप्तान घरेलू क्रिकेट से निकलकर आए युवा टैलेंट अनुकूल रॉय और कार्तिक त्यागी के योगदान को नहीं भूले। उन्होंने दोनों की तारीफ करते हुए कहा कि अनुकूल और त्यागी यह साबित कर रहे हैं कि वे इस टीम के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं। दबाव की परिस्थितियों में भी इन युवाओं ने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जो टीम के लिए सबसे सुखद बात है।इस धमाकेदार जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स ने विरोधी टीमों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है और यह साफ कर दिया है कि वे प्लेऑफ के टिकट के लिए आखिरी गेंद तक लड़ने को तैयार हैं।