नई दिल्ली - भारतीय क्रिकेट से एक परिचित चेहरा दूर हो गया है। विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने गुरुवार (4 जून) को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। भरत ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए अपने फैसले की जानकारी दी। उनके इस ऐलान के बाद क्रिकेट जगत में उनके सफर को याद किया जा रहा है।
भरत का अंतरराष्ट्रीय करियर लंबा नहीं रहा
32 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत उन खिलाड़ियों में रहे, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में वर्षों तक लगातार मेहनत की और शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम तक का सफर तय किया। हालांकि उनका अंतरराष्ट्रीय करियर लंबा नहीं रहा, लेकिन भारतीय टीम की टेस्ट कैप हासिल करना उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा।
संन्यास की घोषणा करते हुए भरत ने इंस्टाग्राम पर लिखा..
संन्यास की घोषणा करते हुए भरत ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि, गर्व और कृतज्ञता के साथ मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा करता हूं। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। भरत ने अपने संदेश में भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI), आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन, वाइजैग डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (VDCA) और अपने परिवार का आभार जताया।
रोहित, विराट और राहुल का शुक्रिया
विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने अपनी इस पोस्ट में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा और पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके करियर में अहम भूमिका निभाई।