लद्दाख - लद्दाख अब क्रिकेट के नक्शे पर एक नया इतिहास रचने की तैयारी में है। लेह के पास थिक्से क्षेत्र में समुद्र तल से करीब 11,800 फीट की ऊंचाई पर दुनिया का सबसे ऊंचा क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना तैयार की जा रही है। प्रस्तावित परियोजना पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और फिलहाल इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार की जा रही है।
थिक्से में बनने की संभावना
लद्दाख प्रशासन की योजना के मुताबिक यह स्टेडियम लेह से करीब 17 किलोमीटर दूर थिक्से में बनाया जा सकता है। प्रस्तावित स्टेडियम का नाम ‘रणबीरपुर क्रिकेट स्टेडियम’ रखे जाने की संभावना है। निर्माण पूरा होने के बाद यह दुनिया का सबसे अधिक ऊंचाई पर स्थित क्रिकेट स्टेडियम बन सकता है।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा फायदा
इस परियोजना का मकसद केवल रिकॉर्ड बनाना नहीं है। प्रशासन लद्दाख में खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ स्थानीय युवाओं को क्रिकेट की बेहतर सुविधाएं देना चाहता है। स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा लद्दाख को स्पोर्ट्स टूरिज्म के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की उम्मीद है। देश के अलग-अलग हिस्सों से क्रिकेट खिलाड़ी और खेल प्रेमी यहां पहुंच सकते हैं। ऊंचे हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण यह स्टेडियम अपने आप में एक खास आकर्षण भी बनेगा।
चैल क्रिकेट ग्राउंड से 3,800 फीट ज्यादा ऊंचाई
भारत में पहले से ही कई ऊंचाई वाले क्रिकेट मैदान मौजूद हैं। हिमाचल प्रदेश का प्रसिद्ध चैल क्रिकेट ग्राउंड करीब 8,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है और इसे दुनिया के ऊंचे क्रिकेट मैदानों में गिना जाता है। इसके मुकाबले लद्दाख का प्रस्तावित स्टेडियम करीब 11,800 फीट की ऊंचाई पर होगा यानी चैल से लगभग 3,800 फीट ज्यादा ऊंचाई पर। वहीं श्रीनगर का शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम करीब 5,200 फीट और धर्मशाला का एचपीसीए स्टेडियम करीब 4,780 फीट की ऊंचाई पर स्थित है।
लद्दाख में तेजी से बढ़ रहा खेल इंफ्रास्ट्रक्चर
लद्दाख प्रशासन खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई बड़ी परियोजनाओं पर काम कर रहा है। लेह में कृत्रिम आइस हॉकी रिंक तैयार किया गया है, जिसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित करने की क्षमता है। इसके अलावा खेलो इंडिया अभियान के तहत लेह के स्पितुक में करीब 11,500 फीट की ऊंचाई पर एस्ट्रो-टर्फ फुटबॉल स्टेडियम भी बनाया गया है।
अगर थिक्से में प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण पूरा होता है, तो यह लद्दाख को वैश्विक खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दिला सकता है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में क्रिकेट के लिए नया अध्याय खोल सकता है।