लखनऊ - Indian Premier League 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने बेहद रोमांचक मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को 9 रनों से हरा दिया। बारिश से प्रभावित इस मैच में आखिरी ओवर तक जबरदस्त रोमांच देखने को मिला, लेकिन अंत में लखनऊ ने बाजी मार ली।
लखनऊ ने 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया
पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की जीत में सबसे बड़ा योगदान मिशेल मार्श की शतकीय पारी का रहा। वहीं गेंदबाजी में युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए RCB के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
बेंगलुरु की टीम ने जोरदार संघर्ष किया
लक्ष्य का पीछा करते हुए बेंगलुरु की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया। एक समय टीम को आखिरी 5 ओवरों में 80 रन चाहिए थे। इसके बाद टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या और रोमारियो शेफर्ड ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर मैच को पूरी तरह रोमांचक बना दिया।
दिग्वेश राठी ने की शानदारी गेंदबाजी
आखिरी ओवर में RCB को जीत के लिए 20 रन चाहिए थे। कप्तान ऋषभ पंत ने बड़ा दांव खेलते हुए युवा स्पिनर दिग्वेश राठी को गेंद सौंपी, जबकि वह अपने शुरुआती तीन ओवरों में 41 रन दे चुके थे। हालांकि राठी ने कप्तान के भरोसे को सही साबित किया। उन्होंने पहली तीन गेंदों पर सिर्फ 2 रन दिए और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
LSG ने प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा
यह जीत लखनऊ के लिए ऐतिहासिक रही क्योंकि घरेलू मैदान Ekana Cricket Stadium पर लगातार 8 हार के बाद टीम को पहली जीत मिली है। इस जीत के साथ LSG ने प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है और टीम का आत्मविश्वास भी काफी बढ़ा है।