लियोनेल मेसी के कोलकाता दौरे के दौरान हुए कथित अव्यवस्था और दर्शकों के साथ हुए दुर्व्यवहार को लेकर अब पश्चिम बंगाल की नई भाजपा सरकार सख्त रुख में नजर आ रही है। राज्य के नए खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने साफ कहा है कि “मेसी कांड” की फाइल दोबारा खोली जाएगी और जिन लोगों ने टिकट खरीदकर खुद को ठगा महसूस किया, उन्हें उनका पैसा वापस दिलाने की कोशिश की जाएगी।
युवा भारती स्टेडियम में दिया बड़ा बयान
रविवार को आईएसएल के हाई-वोल्टेज ईस्ट बंगाल बनाम मोहन बागान डर्बी मैच के दौरान निशीथ प्रमाणिक युवा भारती स्टेडियम पहुंचे थे। मैच समाप्त होने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच करेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
“ठगे गए लोगों का सम्मान लौटाना पहली प्राथमिकता”
खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने कहा कि उन्हें मंत्रालय संभाले अभी कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन उनकी पहली प्राथमिकता उन लोगों का सम्मान वापस दिलाना है, जो मेसी मैच के दौरान अव्यवस्था का शिकार हुए थे। उन्होंने कहा कि कई लोग भारी रकम खर्च कर स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन उन्हें निराश और अपमानित होकर लौटना पड़ा।
आयोजक एजेंसी को सरकार का स्पष्ट संदेश
निशीथ प्रमाणिक ने बताया कि आयोजन करने वाली एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं कि दर्शकों की मेहनत की कमाई हर हाल में लौटाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि टिकट रिफंड प्रक्रिया में खेल मंत्रालय की किसी सहायता की जरूरत होगी, तो राज्य सरकार पूरा सहयोग करेगी।
“मेसी फाइल” फिर खुलेगी
खेल मंत्री ने संकेत दिया कि इस पूरे मामले की दोबारा स्टडी शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जो भी लोग इस अव्यवस्था के पीछे जिम्मेदार थे, उनकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। सरकार का उद्देश्य सिर्फ जांच करना नहीं, बल्कि खेल प्रेमियों का भरोसा दोबारा कायम करना भी है।
खेल प्रेमियों में बढ़ी उम्मीद
निशीथ प्रमाणिक के इस बयान के बाद उन हजारों फुटबॉल प्रशंसकों में उम्मीद जगी है, जिन्होंने मेसी को देखने के लिए टिकट खरीदे थे और बाद में भारी अव्यवस्था के कारण निराशा झेलनी पड़ी थी। अब सभी की नजर सरकार की अगली कार्रवाई और रिफंड प्रक्रिया पर टिकी हुई है।