फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-A के मुकाबलों ने रोमांचक मोड़ ले लिया है। जहां मेजबान मैक्सिको ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया, वहीं साउथ अफ्रीका ने साउथ कोरिया को 1-0 से हराकर पहली बार वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में जगह बना ली। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने अपने फुटबॉल इतिहास का सबसे बड़ा कारनामा कर दिखाया।
ग्रुप-A पॉइंट्स टेबल
| टीम | मैच | जीत | ड्रॉ | हार | पॉइंट्स |
|---|---|---|---|---|---|
| मैक्सिको | 3 | 3 | 0 | 0 | 9 |
| साउथ अफ्रीका | 3 | 1 | 1 | 1 | 4 |
| साउथ कोरिया | 3 | 1 | 0 | 2 | 3 |
| चेक गणराज्य | 3 | 0 | 1 | 2 | 1 |
साउथ अफ्रीका ने रचा इतिहास
मॉन्टेरी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने शानदार खेल दिखाते हुए साउथ कोरिया को 1-0 से मात दी। मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल थापेलो मासेको ने 63वें मिनट में किया। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन कोई भी गोल नहीं कर सका। दूसरे हाफ में साउथ कोरिया ने आक्रामक रणनीति अपनाई और स्टार खिलाड़ी सोन ह्युंग-मिन को मैदान पर उतारा, लेकिन यह फैसला टीम को फायदा नहीं दिला सका।
मासेको के गोल ने बदली तस्वीर
63वें मिनट में तेशपांग मोरेमी ने बाएं फ्लैंक से शानदार मूव बनाते हुए पेनल्टी बॉक्स के पास गेंद पहुंचाई। मासेको ने बेहतरीन कंट्रोल के बाद बाएं पैर से सटीक शॉट लगाकर गेंद को नेट में पहुंचा दिया। गोल के बाद कोरिया ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए, लेकिन साउथ अफ्रीका की मजबूत डिफेंस दीवार बनकर खड़ी रही। आखिरकार अफ्रीकी टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए नॉकआउट का टिकट हासिल कर लिया।
मैक्सिको ने 100% रिकॉर्ड के साथ किया फिनिश
ग्रुप-A के दूसरे मुकाबले में मेजबान मैक्सिको ने चेक गणराज्य को 3-0 से हराकर अपनी तीसरी लगातार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ मैक्सिको ने 9 अंकों के साथ ग्रुप में टॉप पोजिशन हासिल की। मैक्सिको ने पहली बार वर्ल्ड कप इतिहास में ग्रुप स्टेज के तीनों मैच जीतने का रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले 1986 और 2002 वर्ल्ड कप में टीम दो जीत और एक ड्रॉ के साथ आगे बढ़ी थी।
दूसरे हाफ में बरसे गोल
मैक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले का पहला हाफ गोलरहित रहा। इसके बाद 22 वर्षीय मातेओ चावेज ने 55वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। सिर्फ छह मिनट बाद जूलियन क्विन्योनेस ने दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। इंजुरी टाइम में अल्वारो फिडाल्गो ने तीसरा गोल कर चेक गणराज्य की वापसी की सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
नॉकआउट में पहुंचीं दो टीमें
ग्रुप-A से अब मैक्सिको और साउथ अफ्रीका ने अगले दौर के लिए क्वालिफाई कर लिया है। दूसरी ओर साउथ कोरिया और चेक गणराज्य का अभियान ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया। मैक्सिको जहां खिताब के मजबूत दावेदार के रूप में उभर रहा है, वहीं साउथ अफ्रीका की ऐतिहासिक उपलब्धि ने पूरे टूर्नामेंट का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।