मुंबई:आज Mumbai Indians और Rajasthan Royals के बीच आईपीएल 2026 का अहम मुकाबला मुंबई के Wankhede Stadium में खेला जाएगा। हालांकि इस मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है, जो राजस्थान रॉयल्स के प्लेऑफ सपने को बड़ा झटका दे सकता है। राजस्थान रॉयल्स के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। टीम अगर मैच जीतती है तो प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की हो जाएगी, लेकिन हार या मैच रद्द होने की स्थिति में राजस्थान का सफर खत्म हो सकता है।
क्या होगा अगर मैच रद्द हुआ?
अगर बारिश की वजह से मैच नहीं हो पाता है तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स के कुल 15 अंक हो जाएंगे, जो Punjab Kings के बराबर होंगे। लेकिन नेट रन रेट के मामले में राजस्थान पीछे है। राजस्थान का नेट रन रेट +0.083 है, जबकि पंजाब का +0.309 है। इसी वजह से मैच रद्द होने की स्थिति में राजस्थान प्लेऑफ की रेस से बाहर हो सकती है।
कोलकाता की उम्मीदें भी जिंदा
Kolkata Knight Riders के पास भी अभी प्लेऑफ में पहुंचने का मौका बना हुआ है। टीम के 13 मैचों में 13 अंक हैं। अगर कोलकाता अपना आखिरी मुकाबला जीत जाती है और राजस्थान का मैच रद्द होता है, तो KKR भी 15 अंकों तक पहुंच जाएगी हालांकि प्लेऑफ में पहुंचने के लिए कोलकाता को बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी ताकि उसका नेट रन रेट पंजाब से बेहतर हो सके।
मुंबई का मौसम बना चिंता
मुंबई में रविवार सुबह बारिश हुई और पूरे दिन बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक मैच के दौरान बारिश और आंधी की संभावना बनी हुई है। मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 3 बजे होगा। शुरुआती समय में बारिश की संभावना कम है, लेकिन शाम होते-होते मौसम खराब हो सकता है। यही वजह है कि फैंस और टीम मैनेजमेंट दोनों मौसम पर नजर बनाए हुए हैं।
तीन टीमें पहले ही प्लेऑफ में
आईपीएल 2026 में Royal Challengers Bengaluru, Gujarat Titans और Sunrisers Hyderabad पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी हैं। वहीं Delhi Capitals, Mumbai Indians और Lucknow Super Giants टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं। अब आखिरी प्लेऑफ सीट के लिए राजस्थान, पंजाब और कोलकाता के बीच जंग जारी है।