कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को पहला स्वर्ण पदक दिला दिया। महिलाओं के 48 किलोग्राम भारवर्ग में चानू ने कुल 190 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 85 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया। इस शानदार जीत के साथ उन्होंने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया।
मीराबाई चानू ने 190 KG वजन उठाकर भारत को दिलाया पहला गोल्ड
मीराबाई चानू की इस उपलब्धि के बाद भारतीय दल का उत्साह और बढ़ गया है। यह कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का पहला स्वर्ण पदक है, जिससे पदक तालिका में भी भारत की स्थिति मजबूत हुई है। चानू ने पूरे मुकाबले के दौरान बेहतरीन तकनीक और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया तथा अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
ऋषिकांत सिंह ने जीता सिल्वर
इससे पहले पुरुषों के 60 किलोग्राम भारवर्ग में ऋषिकांत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता था। उन्होंने पूरे मुकाबले में दमदार खेल दिखाया और भारत के लिए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं, झंडू कुमार ने पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत का पदकों का खाता खोला था।
भारत के अब तक 3 मेडल
इन तीन पदकों के साथ भारत के खाते में अब 1 गोल्ड, 1 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज सहित कुल 3 पदक हो गए हैं। भारत पदक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया है और आने वाले दिनों में भारतीय खिलाड़ियों से पदकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।वहीं, पदक तालिका में ऑस्ट्रेलिया 12 स्वर्ण सहित कुल 24 पदकों के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है।