टी20 वर्ल्ड कप फाइनल : अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया।
सैंटनर ने अपनी टीम के प्रयासों की सराहना की
फाइनल में मिली हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान ने अपनी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने कई चुनौतियों का सामना किया, लेकिन इसके बावजूद टीम ने अच्छा खेल दिखाया। उन्होंने भारतीय टीम को जीत की बधाई देते हुए कहा कि घरेलू मैदान पर खिताब जीतना आसान नहीं होता और सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम को अपने प्रदर्शन पर गर्व होना चाहिए।
सूर्यकुमार ने इस सफलता को टीम के लिए बेहद खास बताया
वहीं जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस सफलता को टीम के लिए बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत इतनी बड़ी है कि इसे पूरी तरह समझने में थोड़ा समय लगेगा। सूर्या ने बताया कि 2024 वर्ल्ड कप के बाद जय शाह, रोहित शर्मा और बीसीसीआई ने उन पर भरोसा जताते हुए टीम की कप्तानी सौंपी थी। सूर्यकुमार यादव ने कहा कि पिछले दो सालों से टीम लगातार अच्छा क्रिकेट खेल रही थी। 2024 वर्ल्ड कप के दौरान बनी सकारात्मक आदतों को टीम ने आगे भी जारी रखा और उसी का नतीजा है कि भारत एक बार फिर विश्व चैंपियन बना।
शाह, गंभीर और सूर्या ने हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की
टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट से जुड़े प्रमुख चेहरे जय शाह, गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हनुमान मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान का आशीर्वाद लेते हुए देश की जीत के लिए आभार जताया और आगे भी भारतीय टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की।
Comments (0)