कोलकाता: डूरंड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में मोहन बागान सुपर जायंट ने नार्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को टाइब्रेकर में 4-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। निर्धारित और अतिरिक्त समय तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला 0-0 की बराबरी पर रहने के बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। इस जीत के साथ ही रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में एक बार फिर कोलकाता डर्बी देखने को मिलेगी, जहां मोहन बागान का सामना अपने चिरप्रतिद्वंद्वी ईस्ट बंगाल से होगा।
विशाल कैथ बने पेनल्टी शूटआउट के हीरो
पेनल्टी शूटआउट में मोहन बागान के गोलकीपर विशाल कैथ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नार्थईस्ट यूनाइटेड के दो खिलाड़ियों, रोबिन यादव और पार्थिब गोगोई के शॉट्स को रोक लिया। नार्थईस्ट की ओर से मिनकोविच, आलादीन अजाराई और एतियेन ही गोल करने में सफल रहे। वहीं मोहन बागान के लिए राहुल भेके, शुभाशीष बोस, लिस्टन कोलासो और जेमी मैकलारेन ने गेंद को जाल में पहुंचाकर टीम को 4-3 से जीत दिला दी।
मैदान में पानी और पहला हाफ रहा गोलरहित
बारिश के कारण जलजमाव वाले मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों को गेंद पर नियंत्रण बनाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नार्थईस्ट यूनाइटेड ने 4-3-3 जबकि मोहन बागान ने 4-4-2 के फॉर्मेशन के साथ खेल की शुरुआत की। मैच के 13वें मिनट में लिस्टन कोलासो के कॉर्नर पर मोहन बागान को पहला अवसर मिला, लेकिन नार्थईस्ट के गोलकीपर गुरमीत ने इसे बचा लिया। इसके बाद कियान नासिरी, सहल अब्दुल समद और अपुइया के प्रयासों के बावजूद पहला हाफ 0-0 पर समाप्त हुआ।

दूसरे हाफ में भी लगातार चूकते रहे मौके
दूसरे हाफ के 57वें मिनट में मोहन बागान के मुख्य कोच पनागियोटिस दिलेमपेरिस ने दोहरा बदलाव करते हुए सहल और कियान की जगह अनिरुद्ध थापा और जेमी मैकलारेन को मैदान पर उतारा। 63वें मिनट में नार्थईस्ट यूनाइटेड के पास गोल करने का सबसे बड़ा मौका आया, जब राबिह के लो-क्रॉस पर आलादीन अजाराई और एतियेन स्लाइड करने के बाद भी गेंद से चूक गए। 71वें मिनट में समीर की जगह मिगुएल मैदान पर आए, जो ईस्ट बंगाल छोड़ने के बाद पहली बार मोहन बागान की जर्सी में दिखे।
अतिरिक्त समय के बाद टाइब्रेकर से निकला नतीजा
दोनों टीमों द्वारा मैच के अंतिम क्षणों तक गोल करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन खराब फिनिशिंग और मजबूत डिफेंस के कारण निर्धारित और अतिरिक्त समय तक स्कोर 0-0 ही रहा। इसके बाद मैच टाइब्रेकर में गया, जहां विशाल कैथ के दो अहम सेव की बदौलत मोहन बागान ने 18वें डूरंड कप खिताब की ओर कदम बढ़ा दिए।
तीन साल बाद फिर से फाइनल में कोलकाता डर्बी
साल 2023 के डूरंड कप फाइनल के बाद यह पहला मौका है जब फाइनल में मोहन बागान और ईस्ट बंगाल आमने-सामने होंगे। वर्ष 2023 के खिताबी मुकाबले में दिमित्री पेत्रातोस के गोल की बदौलत मोहन बागान ने ईस्ट बंगाल को हराकर ट्रॉफी जीती थी। अब तीन दिन बाद होने वाले महामुकाबले में यह देखना दिलचस्प होगा कि मोहन बागान अपना खिताब बरकरार रखता है या ईस्ट बंगाल 22 साल के लंबे इंतजार के बाद डूरंड कप पर कब्जा जमाता है।