कोलकाता: कोलकाता के युवा भारती क्रीड़ांगन (साल्ट लेक स्टेडियम) में मंगलवार को खेले गए डूरंड कप के मुकाबले में मोहन बगान ने बेंगलुरु की टीम साउथ यूनाइटेड को 8-0 से करारी शिकस्त दी। कोच पानागियोटिस दिलमपेरिस की टीम ने इस एकतरफा जीत के साथ दो मैचों में लगातार दूसरी जीत दर्ज की और 6 अंक हासिल कर ईस्ट बंगाल को पीछे छोड़ते हुए अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान बनाकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।
शुरुआती मिनटों से ही हावी रही मोहन बगान
मैच की शुरुआत से ही मोहन बगान ने साउथ यूनाइटेड पर दबाव बनाए रखा। चौथे मिनट में अनिरुद्ध थापा के पास पर मनवीर सिंह ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 10वें मिनट में अल्बर्टो रोड्रिगेज ने थापा के कॉर्नर पर हेडर से गोल किया। 19वें मिनट में द्राजिच के क्रॉस पर राहुल भेके ने तीसरा गोल दागा, जबकि 22वें मिनट में साहल अब्दुल समद के पास पर मनवीर सिंह ने अपना दूसरा गोल करते हुए स्कोर 4-0 कर दिया।
मनवीर की हैट्रिक और सुहेल भट के दो गोल
प्रथमार्च के बाद भी आक्रमण जारी रहा और 60वें मिनट में अनिरुद्ध थापा के कॉर्नर पर हेडर से गोल दागकर मनवीर सिंह ने अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके बाद 69वें मिनट में नोएल एसे का आत्मघाती गोल हुआ। मैच के अंतिम समय में स्थानापन्न (सब्सटीट्यूट) खिलाड़ी के रूप में मैदान पर आए सुहेल भट ने 90वें मिनट और इंजरी टाइम में दो गोल दागकर स्कोर लाइन को 8-0 कर दिया।
साहल की चूक और प्रतियोगिता के स्तर पर चर्चा
मोहन बगान की ओर से तीन प्रयास पोस्ट से टकराए, जिनमें साहल अब्दुल समद के कुछ प्रयास भी शामिल थे। साहल ने कई मौके बनाए लेकिन वे गोल में तब्दील करने में असमर्थ रहे। वहीं साउथ यूनाइटेड की ओर से हाओकिप का एक शॉट पोस्ट पर लगा और दानियाल का प्रयास गोलकीपर विशाल कैथ ने रोका। इस बड़े अंतर से हुई जीत के बाद डूरंड कप में कुछ छोटी टीमों के प्रतिस्पर्धी स्तर को लेकर भी फुटबॉल हलकों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।