FIFA World Cup 2026 Round of 16: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्री-क्वार्टरफाइनल में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। मेजबान देशों में शामिल कनाडा का सफर यहीं खत्म हो गया, जबकि मोरक्को ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 की एकतरफा जीत दर्ज कर क्वार्टरफाइनल का टिकट पक्का कर लिया। मैच का पहला हाफ गोलरहित रहा, लेकिन दूसरे हाफ में मोरक्को ने ऐसा खेल दिखाया कि कनाडा की पूरी टीम बिखर गई।
दूसरे हाफ में मोरक्को ने पलट दिया पूरा मैच
पहले 45 मिनट तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं, लेकिन दूसरे हाफ में मोरक्को ने लगातार आक्रामक फुटबॉल खेली। मैच के 50वें मिनट में अज़ेदीन ओउनाही ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद कनाडा ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन मोरक्को की मजबूत डिफेंस लाइन और तेज काउंटर अटैक के सामने उसकी एक नहीं चली। 82वें मिनट में ओउनाही ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। इंजरी टाइम के 90+8वें मिनट में सोफियान रहीमी ने तीसरा गोल कर कनाडा की वापसी की सभी उम्मीदों पर पूरी तरह विराम लगा दिया।
कनाडा ने ज्यादा अटैक किए, लेकिन गोल नहीं कर सका
आंकड़ों पर नजर डालें तो कनाडा ने मैच में 10 शॉट्स लगाए, जबकि मोरक्को ने केवल 5 शॉट्स लिए। हालांकि मोरक्को ने अपने 5 में से 4 शॉट्स टारगेट पर लगाए और उनमें से 3 गोल में बदल दिए। दूसरी ओर कनाडा के 3 शॉट्स टारगेट पर जरूर पहुंचे, लेकिन कोई भी गोल में तब्दील नहीं हो सका।
बॉल पजेशन और पासिंग में भी मोरक्को रहा आगे
मोरक्को ने पूरे मुकाबले में 56 प्रतिशत बॉल पजेशन अपने पास रखा, जबकि कनाडा के हिस्से 44 प्रतिशत पजेशन रहा। मोरक्को के खिलाड़ियों ने 85 प्रतिशत पासिंग एक्यूरेसी के साथ 399 पास पूरे किए, जबकि कनाडा ने 78 प्रतिशत सटीकता के साथ 347 पास पूरे किए।
मैच के अहम आंकड़े
| आंकड़ा | मोरक्को | कनाडा |
|---|---|---|
| गोल | 3 | 0 |
| कुल शॉट्स | 5 | 10 |
| टारगेट पर शॉट्स | 4 | 3 |
| बॉल पजेशन | 56% | 44% |
| पास | 399 | 347 |
| पासिंग एक्यूरेसी | 85% | 78% |
| फाउल | 14 | 23 |
| येलो कार्ड | 4 | 4 |
| ऑफसाइड | 3 | 2 |
| कॉर्नर | 1 | 11 |
क्वार्टरफाइनल में फ्रांस से होगी टक्कर
इस जीत के साथ मोरक्को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। अब उसका सामना फ्रांस से होगा, जिसने प्री-क्वार्टरफाइनल में पैराग्वे को 1-0 से हराकर अंतिम-8 में जगह बनाई है। दोनों टीमें पूरे टूर्नामेंट में शानदार लय में हैं, ऐसे में क्वार्टरफाइनल मुकाबले के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।