भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व धुरंधर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स के फैन इवेंट में मजाकिया अंदाज में कहा कि, वह 60 साल की उम्र तक आईपीएल खेलना जारी रख सकते हैं, जिससे उनके फैंस में उत्साह फैल गया। आपको बता दें कि, 44 साल के एमएस धोनी ने एक्टर शिवकार्तिकेयन के मजाकिया अनुरोध पर जवाब देते हुए कहा कि, यह मुश्किल होगा, लेकिन मैं कोशिश कर सकता हूं।
माही के जवाब से फैंस हुए खुश
आपको बता दें कि, ये घटना 22 मार्च को चेन्नई के चेपॉक में हुई, जहां अभिनेता शिवकार्तिकेयन ने आईपीएल 2026 की टीम के साथ मंच साझा किया और एमएस धोनी से संन्यास की बातों को नजरअंदाज करने और पीली जर्सी में खेलना जारी रखने का अनुरोध किया। CSK के पूर्व कप्तान धोनी के जवाब ने फैंस को खुश कर दिया और ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
आईपीएल की तैयारियों में जुटे माही
दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी आईपीएल के 19वें सीजन में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वे इस लीग के सबसे बड़े खिलाड़ी माने जाते हैं।माही के रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने अब तक 278 मैच खेले हैं और 5439 रन बनाए हैं। अपनी कप्तानी में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 5 बार चैंपियन बनाया है। अब धोनी टीम में एक मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहे हैं। टीम की कमान अब नए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों में है।
धोनी आईपीएल 2026 में पूरा सीजन खेलेंगे
सीएसके के सीईओ ने साफ कर दिया है कि, एमएस धोनी आईपीएल 2026 में पूरा सीजन खेलेंगे। धोनी अब टीम में मुख्य खिलाड़ी से ज्यादा एक मार्गदर्शक की भूमिका में नजर आएंगे। मैदान पर वह अब केवल मैच फिनिश करने की जिम्मेदारी संभालते हैं। संजू सैमसन जैसे बड़े खिलाड़ियों के टीम में आने की चर्चा है। इससे धोनी पर से दबाव कम होगा और टीम को नए सितारे मिलेंगे।आईपीएल 2025 में सीएसके का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। ऐसे में 2026 का सीजन सीएसके के लिए एक नई शुरुआत हो सकता है और धोनी के लिए शानदार विदाई का मौका भी।