चेन्नई। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले जा रहे मुकाबले में भी फैंस को एमएस धोनी मैदान पर नजर नहीं आए। सीएसके का यह 11वां लीग मैच है, लेकिन धोनी अब तक सीजन का एक भी मुकाबला नहीं खेल सके हैं। ऐसे में उनकी फिटनेस को लेकर सवाल लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
टॉस के वक्त भी नहीं मिला कोई साफ जवाब
चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने धोनी की गैरमौजूदगी को लेकर कोई बड़ा अपडेट नहीं दिया। इससे फैंस के बीच सस्पेंस और गहरा हो गया है कि आखिर माही कब मैदान पर वापसी करेंगे।
काफ इंजरी से जूझ रहे हैं धोनी
फ्रेंचाइजी की ओर से 28 मार्च को आखिरी आधिकारिक अपडेट दिया गया था, जिसमें बताया गया था कि धोनी काफ इंजरी से परेशान हैं और करीब दो हफ्ते तक बाहर रह सकते हैं। हालांकि अब टूर्नामेंट को एक महीने से ज्यादा का वक्त गुजर चुका है, लेकिन अब तक उनकी वापसी नहीं हो सकी है।
नेट्स में दिखे एक्टिव, फिर भी मैच से बाहर
दिलचस्प बात यह है कि चेन्नई सुपर किंग्स लगातार सोशल मीडिया पर धोनी के नेट प्रैक्टिस वीडियो शेयर कर रही है। हाल ही में एक वीडियो में माही गेंदबाजी करते नजर आए थे और पूरी तरह फिट दिखाई दे रहे थे। ऐसे में फैंस यह समझ नहीं पा रहे कि अगर धोनी नेट्स में एक्टिव हैं तो फिर मैच क्यों नहीं खेल रहे।
फैंस को अब भी माही की वापसी का इंतजार
आईपीएल 2026 में चेन्नई का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है और ऐसे में फैंस धोनी की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब देखना होगा कि क्या माही इस सीजन में सीएसके के लिए मैदान पर उतरते हैं या नहीं।