भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर एक नया इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम करने में सफल रही। भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद देश-विदेश से बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है।
धोनी ने सपोर्ट स्टाफ की जमकर सराहना की
इसी बीच एक ऐसा संदेश सामने आया जिसने क्रिकेट फैंस को बेहद उत्साहित कर दिया। आमतौर पर सोशल मीडिया पर कम सक्रिय रहने वाले पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी टीम इंडिया को खास अंदाज में बधाई दी। टीम की इस शानदार जीत के बाद धोनी ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की जमकर सराहना की।
बहुत अच्छा किया, मजे करो दोस्तों
उन्होंने लिखा, अहमदाबाद में इतिहास रचा गया। टीम, सपोर्ट स्टाफ और दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट टीम के सभी फैंस को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते हुए देखना बहुत खुशी की बात है। धोनी ने अपने संदेश में टीम के कोच की भी तारीफ की। उन्होंने लिखा - कोच साहब, मुस्कान आप पर बहुत अच्छी लग रही है। मुस्कान के साथ तेजी एक जबरदस्त कॉम्बो है। बहुत अच्छा किया, मजे करो दोस्तों।
बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है
अपने खास अंदाज में उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी तारीफ की। धोनी ने लिखा - बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है। चैंपियन बॉलर। धोनी के इस संदेश के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। क्रिकेट प्रेमियों ने उनके इस पोस्ट को खूब पसंद किया और टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत का जश्न और भी खास हो गया।
Comments (0)