मुंबई - रोहित शर्मा की तूफानी वापसी और रियान रिकलटन की आतिशी पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने सोमवार को लखनऊ सुपर जायंट्स द्वारा रखे गए 229 रनों के टारगेट को बौना साबित कर छह विकेट से जीत हासिल करते हुए रिकॉर्ड बना दिया। प्लेऑफ की रेस में पहुंचने के लिए मुंबई को इस मैच में जीत जरूरी थी जो उसने शान से हासिल की।
निकोलस पूरन ने खेली तूफानी पारी
इस जीत में मुंबई के गेंदबाजों को भी श्रेय देना होगा क्योंकि निकोलस पूरन ने जिस तरह की तूफानी पारी खेली थी जिससे लखनऊ आसानी से 250 के पार जाती दिख रही थी, लेकिन मेजबान टीम के गेंदबाजों ने वापसी की और लखनऊ को 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 228 रनों पर ही रोक दिया। मुंबई ने टारगेट 18.4 ओवरों में हासिल कर लिया।
लखनऊ ने मुंबई को दिया था 221 रनों का टारगेट
ये मुंबई की आईपीएल में रनों का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत है। इस मैच से पहले मुंबई का आईपीएल में सबसे बड़ा चेज इस सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आया था जब उसने 221 रनों का टारगेट चेज किया था।
रोहित-रिकलटन ने खेली शानदार पारी
रिकलटन तो शुरुआत से ही तूफानी अवतार दिखा रहे थे। चोट के बाद वापसी कर रहे रोहित ने जरूर धीमी शुरुआत की। उन्होंने 14 गेंदों पर 15 रन ही बनाए थे। इसके बाद पावरप्ले के आखिरी ओवर में उन्होंने आवेश खान को आड़े हाथों लिया। इस ओवर में रोहित ने दो चौके और दो छक्के मारे। इस ओवर के बाद उनका निजी स्कोर 20 गेंदों पर 36 रन था। यहां से फिर रोहित रुके नहीं। पावरप्ले में मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 71 रन था।
मुंबई का पहला विकेट 143 के कुल स्कोर पर गिरा
लखनऊ के कप्तान पंत ने हर हथियार अपना लिया, लेकिन इस जोड़ी को नहीं रोक पाए। नतीजा ये रहा कि 10 ओवरों में मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 127 रन था और उसे अगले 10 ओवरों में 102 रनों की जरूरत थी। यहां तक दोनों बल्लेबाज अपना अर्धशतक पूरा कर चुके थे। 11वें ओवर की चौथी गेंद पर मोहसिन खान ने लखनऊ को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने कवर्स पर रिकलटन को जोश इंग्लिस के हाथों कैच कराया। । बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 32 गेंदों पर छह चौके और आठ छक्कों की मदद से 83 रन बनाए।