मुंबई - इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 44वें मुकाबले में शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हराकर करोड़ों फैंस का दिला तोड़ दिया। 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस अब प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो गई है। कोई चमत्कार ही उन्हें अंतिम-4 में पहुंचा सकता है।
MI प्वाइंट्स टेबल में अभी 9वें पायदान पर
हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली टीम ने मौजूदा सीजन में अब तक 9 मैच खेले हैं और 2 में जीत दर्ज की है। 7 में मुंबई को हार का सामना करना पड़ा है। उनके 4 अंक और नेट रन रेट -0.803 है। MI प्वाइंट्स टेबल में अभी 9वें पायदान पर है। उनसे नीचे सिर्फ लखनऊ सुपर जायंट्स है।
पंजाब किंग्स प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है
फिलहाल, पंजाब किंग्स आठ मैचों में 13 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है। उनके ठीक पीछे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद हैं। इन तीनों टीमों के 12-12 अंक हैं। ऐसे में ये टीम आसानी से 16 या उससे ज्यादा अंक अर्जित कर सकती हैं।
MI को प्लेऑफ में जगह बनाना असंभव!
मुंबई को 19वें सीजन में ग्रुप स्टेज में अब सिर्फ 5 मैच खेलने हैं। अगर मुंबई अपने बचे हुए सभी मैच भी जीत जाती है तो उनके अधिकतम 14 अंक होंगे। प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए यह नंबर कम हैं। आमतौर पर प्लेऑफ में 16 या उससे ज्यादा अंक वाली टीम जगह बनाती हैं। आईपीएल में कम ही बार ऐसा देखने को मिला है जब कोई टीम 14 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंची हो। यह तब होता था जब लीग में 8 टीमें थीं। 10 टीमों के साथ इसकी संभावना काफी कम है।