धर्मशाला। IPL 2026 में गुरुवार को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा। मैच हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम, धर्मशाला में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पंजाब किंग्स लगातार 4 हार के बाद दबाव में है, जबकि मुंबई इंडियंस भी खराब फॉर्म से जूझ रही है। ऐसे में दोनों टीमें जीत की पटरी पर लौटने की कोशिश करेंगी।
पंजाब पर लगातार हार का दबाव
पंजाब किंग्स के लिए इस सीजन सबसे बड़ी समस्या उसकी गेंदबाजी रही है। कप्तान Shreyas Iyer भी इसे स्वीकार कर चुके हैं। दिल्ली के खिलाफ पिछले मैच में पंजाब ने आखिरी 5 ओवरों में मुकाबला गंवा दिया था।अगर पंजाब धर्मशाला में यह मैच हारती है, तो प्लेऑफ की उम्मीदें बचाने के लिए उसे अपने अगले दोनों मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे।
हेड टू हेड रिकॉर्ड बराबरी पर
पंजाब और मुंबई के बीच अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं। दोनों टीमों ने 17-17 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है। आज जीतने वाली टीम रिकॉर्ड में बढ़त हासिल कर लेगी।
कोनोली पंजाब के टॉप स्कोरर
पंजाब के लिए इस सीजन Cooper Connolly शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 11 मैचों में 415 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। गेंदबाजी में Arshdeep Singh ने 13 विकेट लिए हैं, लेकिन टीम का पेस अटैक काफी महंगा साबित हुआ है। लॉकी फर्ग्यूसन और बेन ड्वार्शिस जैसे गेंदबाज भी असर नहीं छोड़ पाए हैं।
मुंबई का सीजन भी खराब
Mumbai Indians का यह सीजन भी बेहद निराशाजनक रहा है। टीम 11 में से सिर्फ 3 मुकाबले जीत सकी है और पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है। कप्तान Hardik Pandya चोट के कारण पिछले दो मैचों से बाहर हैं। उनकी गैरमौजूदगी में Suryakumar Yadav कप्तानी संभाल रहे हैं। मुंबई के लिए Ryan Rickelton ने सबसे ज्यादा 382 रन बनाए हैं, जबकि Allah Ghazanfar ने 13 विकेट लिए हैं।
धर्मशाला की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार
धर्मशाला का HPCA स्टेडियम देश के सबसे खूबसूरत मैदानों में गिना जाता है। यहां की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है और हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। ऊंचाई वाले इलाके में होने के कारण गेंद तेजी से ट्रैवल करती है, जिससे बड़े शॉट और लंबे छक्के देखने को मिलते हैं। हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है।
मैच पर बारिश का खतरा
धर्मशाला में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। शाम के समय तापमान 12 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि HPCA स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम काफी अच्छा माना जाता है, इसलिए बारिश के बावजूद मैच समय पर शुरू होने की उम्मीद है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
पंजाब किंग्स:
प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोयनिस, सूर्यांश शेडगे, मार्को यानसन, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, यश ठाकुर।
इम्पैक्ट प्लेयर: शशांक सिंह।
मुंबई इंडियंस:
रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, अल्लाह गजनफर, जसप्रीत बुमराह।