लखनऊ - Indian Premier League 2026 में गुरुवार को खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने क्रिकेट फैंस को हैरान करदिया। लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबले में लखनऊ के युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को डक पर क्लीन बोल्ड कर सुर्खियां बटोर लीं।
प्रिंस ने किंग को किया बोल्ड
मैच के शुरुआती ओवर में ही प्रिंस यादव ने ऐसी घातक इनस्विंग गेंद डाली, जिसने विराट कोहली के डिफेंस को पूरी तरह तोड़ दिया। गेंद पिच पर पड़ने के बाद तेजी सेअंदर आई और कोहली का बल्ला चकमा खा गया। देखते ही देखते गेंद सीधे स्टम्प्स से जा टकराई और विकेट बिखर गए। कोहली को संभलने तक का मौका नहीं मिला। स्टम्प उड़ते ही पूरा इकाना क्रिकेट स्टेडियम शोर से गूंज उठा। फैंस और खिलाड़ी दोनों इस शानदार गेंदबाजी को देखकर हैरान रह गए।
प्रिंस के लिए विराट को विकेट खास था
युवा गेंदबाज प्रिंस यादव के लिए यह विकेट बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि विराट कोहली आईपीएल इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। बड़े मंच पर इस तरह का प्रदर्शन प्रिंस यादव के करियर के लिए बड़ा मोड़ साबित हो सकता है। क्रिकेट विशेषज्ञों ने भी इस गेंद को सीजन की बेहतरीन गेंदों में से एक बताया है। सोशल मीडिया पर भी प्रिंस यादव का नाम तेजी से ट्रेंड करने लगा और फैंस ने उनकी जमकर तारीफ की।