नई दिल्ली: मौजूदा सीजन में अब तक अजेय रही राजस्थान रॉयल्स का घमंड सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद ने चकनाचूर कर दिया। लगातार चार जीत के बाद मैदान पर उतरी राजस्थान की टीम को हैदराबाद ने हर विभाग में मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 216/6 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में राजस्थान की टीम महज 159 रनों पर सिमट गई।
शुरुआती झटकों से नहीं उबर पाया राजस्थान
217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत किसी दुःस्वप्न जैसी रही। टीम ने महज 9 रन के स्कोर पर अपने 5 मुख्य बल्लेबाजों (वैभव, यशस्वी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग और प्रिटोरियस) को खो दिया। आईपीएल इतिहास के सबसे कम स्कोर (49) पर आउट होने का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन रवींद्र जडेजा (45) और डोनोवन फेरेरा (69) ने छठे विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी कर टीम की लाज बचाई।
प्रफुल और साकिब का 'डेब्यू' धमाका
हैदराबाद की जीत के असली हीरो अनकैप्ड खिलाड़ी प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन रहे। प्रফুল ने अपने पहले ही ओवर में 3 विकेट झटक कर राजस्थान की कमर तोड़ दी। उन्होंने कुल 4 विकेट (34 रन) लिए, जबकि साकिब हुसैन ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट (24 रन) चटकाए।
ईशान किशन की कप्तानी पारी
इससे पहले, हैदराबाद की शुरुआत भी खराब रही थी जब अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गए। लेकिन कप्तान ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और 83 रनों की शानदार पारी खेली। उन्हें हेनरिक क्लासेन (40) और अंत में नीतीश रेड्डी व सलिल अरोड़ा का अच्छा साथ मिला, जिसकी बदौलत हैदराबाद 200 के पार पहुंचने में सफल रहा। राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर और संदीप शर्मा ने विकेट तो लिए, लेकिन रनों की गति नहीं रोक सके।