धर्मशाला: आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर में मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से होने जा रहा है। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच अब तक कांटे की टक्कर देखने को मिली है और ऐसे में इस मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। प्लेऑफ जैसे बड़े मंच पर दोनों टीमें जीत के इरादे से उतरेंगी।
हेड टू हेड में बराबरी का रिकॉर्ड
आरसीबी और जीटी के बीच अब तक कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें दोनों टीमों ने 4-4 मैच जीतकर बराबरी का रिकॉर्ड बनाए रखा है। आईपीएल 2026 में पहली भिड़ंत में आरसीबी ने जीटी को 5 विकेट से हराया था, जबकि दूसरी बार गुजरात टाइटंस ने वापसी करते हुए आरसीबी को 4 विकेट से मात दी थी। इससे साफ है कि दोनों टीमों के बीच हर मैच में कड़ी टक्कर देखने को मिली है।
क्वालिफायर 1 में आरसीबी का रिकॉर्ड
पहले क्वालिफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रदर्शन अब तक मिला-जुला रहा है। टीम ने तीन बार इस स्टेज पर जगह बनाई है, जिसमें दो बार जीत हासिल की है। आईपीएल 2025 में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। वहीं 2016 में भी टीम ने गुजरात लायंस को हराया था, लेकिन 2011 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
गुजरात टाइटंस का रिकॉर्ड भी मजबूत
गुजरात टाइटंस ने अब तक दो बार क्वालिफायर 1 खेला है, जिसमें एक बार जीत और एक बार हार मिली है। साल 2022 में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में जीटी ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर शानदार जीत दर्ज की थी। हालांकि 2023 में टीम को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।
रोमांचक मुकाबले की उम्मीद
दोनों टीमों के पिछले रिकॉर्ड और मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह माना जा रहा है कि धर्मशाला में होने वाला यह पहला क्वालिफायर बेहद रोमांचक होगा। फैंस को एक हाई-स्कोरिंग और कांटे की टक्कर वाला मुकाबला देखने को मिल सकता है।