IPL 2026 में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। मैच दोपहर 3:30 बजे धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में होगा। पिछले सीजन का फाइनल खेलने वाली दोनों टीमें इस बार भी प्लेऑफ की दौड़ में अहम मुकाबले के लिए उतरेंगी। धर्मशाला का रिकॉर्ड पंजाब के पक्ष में नहीं रहा है। पंजाब किंग्स यहां पिछले 15 साल से बेंगलुरु को नहीं हरा सकी है। टीम को आखिरी जीत 2011 में मिली थी। पिछले सीजन में भी पंजाब को इसी मैदान पर 60 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
लगातार जीत से आत्मविश्वास में RCB
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस मुकाबले में शानदार फॉर्म के साथ उतरेगी। टीम लगातार दो मैच जीतकर प्लेऑफ के बेहद करीब पहुंच चुकी है। बल्लेबाजी में विराट कोहली जबरदस्त लय में हैं और पिछले मैच में उन्होंने कोलकाता के खिलाफ नाबाद शतक लगाया था। कोहली इस सीजन में 12 मैचों में 484 रन बना चुके हैं और आज 500 रन पूरे करने से सिर्फ 16 रन दूर हैं। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार और क्रुणाल पंड्या भी लगातार योगदान दे रहे हैं।
पंजाब पर लगातार हार का दबाव
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स लगातार पांच हार के बाद दबाव में है। हालांकि टीम की बल्लेबाजी मजबूत नजर आई है, लेकिन डेथ ओवर्स की गेंदबाजी सबसे बड़ी कमजोरी बन गई है। पंजाब ने इस सीजन में कई बड़े स्कोर बनाए, लेकिन गेंदबाज आखिरी ओवरों में रन रोकने में नाकाम रहे। IPL इतिहास में 200 से ज्यादा रन बनाने के बाद सबसे ज्यादा मैच हारने का रिकॉर्ड भी पंजाब के नाम दर्ज है।
प्रभसिमरन और श्रेयस पर रहेगी नजर
पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इस सीजन में 12 मैचों में 439 रन बनाए हैं और पांच अर्धशतक जड़े हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर भी लगातार रन बना रहे हैं। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उनके नाम इस सीजन में 13 विकेट हैं। मार्को यानसन और विजयकुमार वैशाख भी अहम भूमिका निभा सकते हैं।
धर्मशाला में फिर दिख सकता है हाईस्कोर मुकाबला
HPCA स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है। इस सीजन यहां खेले गए दोनों मैचों में 200 से ज्यादा रन बने हैं और दोनों बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को बारिश की संभावना नहीं है और पूरा मैच होने की उम्मीद है।
हेड-टु-हेड में RCB आगे
दोनों टीमों के बीच अब तक IPL में 37 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें 19 मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीते हैं, जबकि पंजाब किंग्स को 18 मुकाबलों में जीत मिली है। पिछले सीजन में बेंगलुरु ने पंजाब को तीन बार हराया था, ऐसे में पंजाब के पास हिसाब बराबर करने का मौका होगा।
संभावित प्लेइंग-11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, वेंकटेश अय्यर, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, जैकब डफी।
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह ओमरजई, विजयकुमार वैशाख, मार्को यानसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।