टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह को गहरा आघात पहुंचा है। उनके पिता खानचंद सिंह का ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में निधन हो गया। वह काफी समय से स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे और हाल के दिनों में उनकी स्थिति बेहद नाजुक हो गई थी। डॉक्टरों ने उन्हें मैकेनिकल वेंटीलेटर पर रखा था और लगातार रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी दी जा रही थी, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही लौटे घर
रिंकू सिंह 23 फरवरी को टीम के साथ चेन्नई पहुंचे थे। वहीं उन्हें पिता की तबीयत ज्यादा बिगड़ने की सूचना मिली। इसके बाद वह तुरंत अपने घर के लिए रवाना हो गए। पिता से मुलाकात करने के बाद रिंकू ने टीम से दोबारा जुड़ने का निर्णय लिया। वह जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले से एक दिन पहले टीम इंडिया के साथ जुड़े, हालांकि प्लेइंग इलेवन में उन्हें मौका नहीं मिला और वह अतिरिक्त फील्डर के तौर पर मैदान में उतरे।
पिता ने संघर्षों के बीच बेटे के सपनों को दी उड़ान
खानचंद सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने बेटे के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा करने में पूरा साथ दिया। रिंकू की सफलता के बाद भी उन्होंने अपना काम जारी रखा। इस दुखद घटना के बाद रिंकू सिंह आगे टूर्नामेंट में टीम का हिस्सा रहेंगे या नहीं, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
Comments (0)