लखनऊ। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार जीत के बावजूद लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान Rishabh Pant ऋषभ पंत पर जुर्माना लगाया गया है। IPL ने धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण यह कार्रवाई की है।
धीमी ओवर रेट के कारण लगा जुर्माना
IPL की ओर से जारी बयान में कहा गया कि चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर सकी। इसी वजह से कप्तान ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
IPL ने क्या कहा
IPL के बयान के अनुसार, आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह कार्रवाई की गई है, जो न्यूनतम ओवर-रेट से जुड़े मामलों पर लागू होती है। चूंकि इस सीजन में यह लखनऊ सुपर जायंट्स का पहला ओवर-रेट अपराध था, इसलिए कप्तान पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
चेन्नई ने बनाए थे 187 रन
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में Chennai Super Kings चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन बनाए। कार्तिक शर्मा ने 42 गेंदों में 71 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने 16 गेंदों में 32 रन बनाए।
लखनऊ ने 20 गेंद पहले हासिल किया लक्ष्य
लक्ष्य का पीछा करते हुए Lucknow Super Giants लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस ने बेहतरीन शुरुआत दी। मिचेल मार्श ने 38 गेंदों में 90 रन ठोके। वहीं निकोलस पूरन ने 17वें ओवर में लगातार छक्के लगाकर टीम को जीत दिलाई। लखनऊ ने यह मुकाबला 20 गेंद शेष रहते 7 विकेट से जीत लिया।