नई दिल्ली - भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस और भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उनके बचपन के कोच दिनेश लाड ने बड़ा बयान दिया है। दिनेश लाड का मानना है कि, अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है।
रोहित को सिर्फ अपने खेल का आनंद लेना चाहिए
हिटमैन के बचपन के कोच दिनेश लाड ने आगे अपने इस बयान में कहा कि, रोहित शर्मा वनडे विश्व कप 2027 में जरूर खेलेंगे। इस दौरान उन्होंने आलोचकों को भी करारा जवाब देते हुए कहा कि, रोहित को सिर्फ अपने खेल का आनंद लेना चाहिए और बाहरी बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
रोहित की फिटनेस और फॉर्म पर सवाल उठ रहे
हाल के महीनों में रोहित शर्मा की फिटनेस और फॉर्म को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था, जिसके बाद कई पूर्व खिलाड़ियों और विशेषज्ञों ने उनके भविष्य पर चर्चा शुरू कर दी थी। हालांकि दिनेश लाड इन आलोचनाओं से बिल्कुल सहमत नहीं हैं।
रोहित 2027 का वनडे विश्व कप जीतना चाहते हैं
रोहित शर्मा के के बचपन के कोच दिनेश लाड ने अपने इस बयान में आगे कहा कि, एक कोच के तौर पर मुझे नहीं लगता कि रोहित शर्मा को किसी को कुछ साबित करने की जरूरत है। वह 2027 का वनडे विश्व कप जीतना चाहते हैं और इस लक्ष्य को लेकर पूरी तरह स्पष्ट हैं। उम्र को लेकर बातें हो रही हैं, लेकिन वह अभी भी पूरी तरह फिट हैं।